MP News: एमपी में 2 दिसंबर से शुरू होगी धान की खरीद, किसानों को करना होगा स्लॉट बुकिंग, जानें प्रोसेस
Kharif Procurement MSP: मध्य प्रदेश में धान की सरकारी खरीदारी 2 दिसंबर 2024 से शुरू हो जाएगी। इसके लिए किसानों को खाद्य विभाग के पोर्टल www.mpeuparjan.nic.in पर जाकर स्लॉट बुकिंग करना होगा। आइए जानते हैं कैसे करना होगा रजिस्ट्रेशन।
मध्य प्रदेश में धान, ज्वार और बाजरा की उपज की खरीदी के लिए किसानों को स्लॉट बुक कराना होगा। बगैर स्लॉट बुकिंग के वे अपनी फसल नहीं बेच सकेंगे। बुकिंग सोमवार से शुक्रवार तक ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत होगी।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 2 दिसंबर 2024 से प्रारंभ होकर 20 जनवरी 2025 एवं मोटा अनाज (ज्वार एवं बाजरा) 22 नवंबर 2024 से 20 दिसंबर 2024 तक किया जाना प्रस्तावित है। जिले के समस्त पंजीकृत किसानों को सूचित किया है कि इस वर्ष 2024-25 में स्लॉट बुकिंग के माध्यम से ही कृषकों से धान, ज्वार एवं बाजरा खरीदी का कार्य किया जाएगा।
प्रदेश में धान की फसल किसानों से 2,300 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर खरीदी जाएगी। धान के अलावा ज्वार, बाजरे का समर्थन मूल्य भी तय कर दिया गया है। प्रदेश में धान की खरीदी के लिए करीबन 1,500 उपार्जन केन्द्र बनाए जा रहे है। धान बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

स्लॉट बुकिंग चालू
स्लॉट बुकिंग की लिंक ओपन हो चुकी है। कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग प्रति सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक किया जा सकेगा। स्लॉट बुक होने के पश्चात् कृषक अपनी उपज, चयन किए गए खरीदी केंद्र पर ही धान, ज्वार एवं बाजरा का विक्रय कर सकेगा।
ऐसे होगा स्लॉट बुक
कृषक को स्लॉट बुकिंग के समय ई-उपार्जन पोर्टल पर आधार से लिंक खाता क्रमांक एवं बैंक का नाम प्रदर्शित कराया जाएगा। जिसमें उपार्जित धान/ज्वार की राशि का भुगतान किया जाएगा। प्रदर्शित बैंक खाते का मिलान कृषक स्वयं अपनी बैंक पासबुक से पोर्टल पर सत्यापन करेगा। उसके उपरांत ही स्लॉट बुकिंग होगी। यदि पोर्टल पर प्रदर्शित बैंक खाता त्रुटिपूर्ण होने अथवा अन्य कारणों से अन्य बैंक खाते में भुगतान चाहने पर कृषक को अपना नवीन बैंक खाता आधार से लिंक कराना होगा। उसके उपरांत ही स्लॉट बुकिंग की जा सकेगी।

जल्द ले जल्द स्लॉट बुक कराएं
किसानों से अनुरोध किया गया है कि वह अपने मोबाइल से या समीप के सहकारी समितियां, लोक सेवा केंद्र, एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, सायबर कैफे आदि के माध्यम से ई-उपार्जन की वेबसाइट www.mpeuparjan.nic.in पर शीघ्र अतिशीघ्र धान/ज्वार एवं बाजरा विक्रय हेतु अपने स्लॉट की बुकिंग करवाएं। कृषक द्वारा स्लॉट बुक होने के 7 दिवस तक ही अपनी उपज का विक्रय, खरीदी केन्द्र पर जाकर किया जा सकता है। उसके पश्चात् स्लॉट की वैधता स्वत: ही समाप्त हो जाएगी।
कृषक द्वारा कुल पंजीकृत रकबे की उपज का विक्रय एक ही बार करने की सुविधा प्रदान की गई है। पंजीकृत किसानों से अपील की गई है कि धान/ज्वार एवं बाजरा विक्रय के लिए शीघ्रता से स्लॉट बुक करवाना सुनिश्चित करें।












Click it and Unblock the Notifications