ग्रामीण उद्यमिता विषय पर आयोजित संगोष्ठी में शामिल हुए मंत्री प्रहलाद पटेल, कही ये खास बात
MP News: श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मंगलवार को इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित ग्रामीण उद्यमिता विषय की संगोष्ठी में शामिल हुए। इस दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत की पुरातन जीवन पद्धति का अनुशीलन और अनुसरण करें।
उन्होंने कहा कि वे एक बार मुड़कर अपने पुरखों का जीवन देखें और सनातन भारतीय मूल्यों पर आधारित जीवन जिए। उन्होंने कहा कि संतुष्टि के भावों से जीवन जीना एक बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान कार्यक्रम में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें। मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि गांव की संस्कृति में संस्कारों का महत्वपूर्ण योगदान था।

उन्होंने कहा कि जीवन में भौतिक उपलब्धियां संतुष्टि का भाव नहीं दे सकती। हमें स्वयं के भीतर एक आध्यात्मिक यात्रा भी करनी चाहिए। मंत्री प्रहलाद पटेल ने स्वयं की नर्मदा परिक्रमा के अनेक प्रसंग सुनाए। इन प्रसंगों को सुनाते हुए मंत्री पटेल भावुक भी हुए। उन्होंने बताया कि खरगोन ज़िले के ब्राह्मण गांव में उन्होंने नर्मदा परिक्रमा की पहली भिक्षा प्राप्त की थी और पूरी परिक्रमा के दौरान भिक्षा पर ही आधारित रहे।
झाड़ी के निकट शूलप्राणी घाटी में 2 दिन भूखे रहने के बाद एक वृद्ध आदिवासी ने स्वयं के हिस्से का आधा आटा परिक्रमा वासी को देने का प्रसंग सुनाते हुए उनका गला रुंध आया। मंत्री पटेल ने कहा कि मां नर्मदा ढाल के विपरीत बहने वाली नदी है। हम भी जीवन मूल्यों में सनातन भारतीय जीवन मूल्यों की ताक़त के साथ धारा के विपरीत जाने में सक्षम हो सकते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे देश और समाज के लिए जिए।












Click it and Unblock the Notifications