आश्रम के सेट पर बजरंग दल की तोड़फोड़, एमपी के गृहमंत्री बोले- निर्माता प्रकाश झा ही गलत कर रहे हैं
भोपाल, 25 अक्टूबर: मध्य प्रदेश के भोपाल में रविवार को बजरंग दल के लोगों ने वेब सीरीज आश्रम-3 के सेट पर तोड़फोड़ की गई और शूटिंग रुकवा दी। वेब सीरीज के डायरेक्टर प्रकाश झा और दूसरे लोगों के साथ भी बदतमीजी किए जाने की बात सामने आई है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने वेब सीरीज के नाम को हिंदू विरोधी कहते हुए ये हंगामा किया। इस घटना पर अब मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान आया है। उनका कहना है कि प्रकाश झा ने जो नाम रखा है, वो वाकई गलत है।
Recommended Video

नरोत्तम मिश्रा ने ये कहा है
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, मैं बजरंग दल की ओर से इस शो के नाम बदलने की मांग का समर्थन करता हूं। क्या प्रकाश झा शो का नाम बदलकर किसी और धर्म से जुड़ा नाम हिम्मत करेंगे। प्रकाश झा को ऐसा कोई काम ही नहीं करना चाहिए जिससे परेशानी हो। झा साहब गलत कर रहे हैं और उनको इस पर सोचना चाहिए। नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि वो तोड़फोड़ की घटना का समर्थन नहीं कर रहे हैं। जो हुआ वो गलत था और इसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

बजरंग दल ने कहा- नहीं होने देंगे शूटिंग
बजरंग दल के नेता सुशील सुदेले ने तोड़फोड़ के बाद कहा कि उन्होंने ऐसा करके एक चेतावनी दी है। हमने साफ कर दिया है कि इस वेब सीरीज 'आश्रम' का नाम बदलने तक भोपाल में हम इसकी शूटिंग नहीं होने देंगे। सुशील का कहना है कि प्रकाश राज ने उनसे कहा है कि वह सीरीज का टाइटल बदलने को लेकर बातचीत कर रहे हैं।

रविवार को हुआ जमकर हंगामा
प्रकाश झा की वेब सीरीज आश्रम-3 की शूटिंग भोपाल के अरेरा हिल्स में पुरानी जेल परिसर में चल रही थी। रविवार को यहां बजरंग दल से जुड़े लोग पहुंचे और उन्होंने मारपीट-तोड़फोड़ शुरू कर दी। इन लोगों ने प्रकाश झा पर स्याही भी फेंक दी। फिल्म यूनिट की 4-5 गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। इन लोगों का कहना था कि प्रकाश झा आश्रम सीरीज में हिंदुओं और हिन्दू धर्म को को गलत तरीके से दिखा रहे हैं। घटना की सूचना पर पुलिसबल मौके पर पहुंचा और उपद्रवियों को खदेड़ा। भोपाल डीआईजी इरशाद वली ने खुद मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications