मध्य प्रदेश में अब सरकारी कार्यक्रम से पहले होगा 'कन्या पूजन', सीएम कार्यालय से जारी हुआ आदेश
भोपाल। Worship of Daughter in Madhya pradesh मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार (Shivraj Singh Chouhan) ने महिला और बेटियों के सम्मान की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक आदेश जारी किया गया, जिसमें बताया गया है कि अब राज्य में हर सरकारी कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि सरकारी कार्यक्रम शुरू होने से पहले राज्य में अब बेटियों का पूजन होगा, उसके बाद जाकर कार्यक्रम शुरू होगा।

आदेश में ये विभाग होंगे शामिल
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये घोषणा बीते 15 अगस्त को ही कर दी थी, लेकिन इसको लेकर सरकारी आदेश अब जारी किया गया है। गुरुवार को जारी आदेश में लिखा गया है- 'शासकीय कार्यक्रम बेटियों की पूजा से आरंभ किए जाएं' आदेश में प्रदेश के समस्त विभाग, कलेक्टर, संभागायुक्त, मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अन्य सरकारी विभाग शामिल हैं।
ये व्यवस्था पिछली सरकारों में भी मौजूद थी
मध्य प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा है कि बेटियों का पूजन एक ऐसी व्यवस्था है, जो पिछली सरकारों में भी मौजूद रही हैं। रजनीश अग्रवाल ने कहा है कि मूल रूप से यह लड़कियों के कल्याण के बारे में जागरूकता बढ़ाने की एक कोशिश है, जिसके लिए राज्य सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने क्या कहा था अपनी घोषणा में
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपनी घोषणा में कहा था कि प्रदेश में बेटियां की पूजा से ही सभी सरकारी आयोजन प्रारंभ होंगे, ये फैसला हमारे महिलाओं के सम्मान के संकल्प को पूरा करेगा। उस वक्त मुख्यमंत्री ने महिला और बेटी के सम्मान में लाडली लक्ष्मी योजना के तहत 78 हजार से अधिक ई-सर्टिफिकेट जारी किए थे।












Click it and Unblock the Notifications