MP Government ने महापौर, स्पीकर, अध्यक्ष, पार्षदों को दिया तोहफा, सभी का मानदेय और भत्ता बढ़ाया
मप्र के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि महापौर, निगमाध्यक्ष, पार्षद, नगर पालिका और नगर परिषदों में जनप्रतिनिधियों को इसी महीने से बढ़ा हुआ मानदेय व भत्ते मिलेंगे।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष तथा पार्षदों के पारिश्रमिक तथा बैठकों के लिए दैनिक भत्ता में वृद्धि का आदेश जारी कर दिया गया है। यह आदेश अप्रैल माह से ही लागू हो गया है। मई माह में बढ़ी हुई दर से पारिश्रमिक और दैनिक भत्ता मिलेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पारिश्रमिक तथा भत्तों को दोगुना करने की घोषणा की गई थी।
नगरपालिक निगम महापौर को अब प्रतिमाह 22 हजार रुपए पारिश्रमिक तथा 5 हजार रुपए सत्कार भत्ता मिलेगा। नगरपालिक निगम के अध्यक्ष (स्पीकर) को प्रतिमाह 18 हजार रुपए पारिश्रमिक तथा 2800 रुपए सत्कार भत्ता तथा पार्षद (नामनिर्दिष्ट को सम्मिलित करते हुए तथा पदेन को छोड़ कर) को प्रतिमाह 12 हजार रुपए पारिश्रमिक मिलेगा। निगम तथा उसकी समितियों की बैठक के लिये महापौर, अध्यक्ष, पार्षद तथा संबंधित वार्ड समिति की बैठक में भाग लेने के लिए महापौर द्वारा वार्ड समिति में नामनिर्दिष्ट किए गए सदस्य 450 रुपए प्रति बैठक की दर से दैनिक भत्ता प्राप्त करने के हकदार होंगे, जो 1800 रुपए प्रतिमाह से अधिक नहीं होगा।
Recommended Video
नगर पालिका अध्यक्ष को 6 हजार मानदेय
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष को प्रतिमाह 6 हजार रुपए पारिश्रमिक तथा 3600 रुपए सत्कार भत्ता, उपाध्यक्ष को 4800 रुपए पारिश्रमिक तथा 1600 रुपए सत्कार भत्ता और पार्षद (नामनिर्दिष्ट को सम्मिलित करते हुए तथा पदेन को छोड़ कर) प्रतिमाह 3600 रुपए पारिश्रमिक मिलेगा। परिषद तथा उसकी समितियों में भाग लेने के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद तथा संबंधित वार्ड समिति की बैठकों में भाग लेने के लिए अध्यक्ष द्वारा वार्ड समिति में नामनिर्दिष्ट किये गए सदस्य को 390 रुपए प्रति बैठक की दर से दैनिक भत्ता मिलेगा, जो 750 रुपए प्रतिमाह से अधिक नहीं होगा।
नगर परिषद अध्यक्ष को 4.800 रुपए पारिश्रमिक मिलेगा
नगर परिषद के अध्यक्ष को प्रतिमाह 4 हजार 800 रुपएपारिश्रमिक तथा 2200 रुपए सत्कार भत्ता, उपाध्यक्ष को 4200 रुपए पारिश्रमिक तथा 1600 रुपए सत्कार भत्ता और पार्षद (नामनिर्दिष्ट को सम्मिलित करते हुए तथा पदेन को छोड़ कर) प्रतिमाह 2800 रुपए पारिश्रमिक मिलेगा। परिषद तथा उसकी समितियों में भाग लेने के लिये अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद तथा संबंधित वार्ड समिति की बैठकों में भाग लेने के लिए अध्यक्ष द्वारा वार्ड समिति में नामनिर्दिष्ट किए गए सदस्य को 240 रुपए प्रति बैठक की दर से दैनिक भत्ता मिलेगा, जो 720 रुपए प्रतिमाह से अधिक नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications