सुसनेर पहुंचे CM मोहन यादव ने रोडमल नागर के लिए मांगे वोट, कांग्रेस को यूं घेरा
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार 28 अप्रैल को बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में सुसनेर पहुंचे। यहां सीएम यादव ने जनता से रोडमल नागर के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के लिए कहा कि वो ओसामा को जी लगाकर बोलते हैं।
सीएम मोहन यादव दोपहर करीब 4:30 बजे आगर मालवा जिले के सुसनेर पहुंचे और यहां न्यू बस स्टैंड के पास मिडिल स्कूल ग्राउंड में रोडमल नागर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना हनुमान जी से की।

सीएम यादव ने कहा कि जैसे मोदी ने अपना जीवन देश सेवा में लगाया, वैसे ही हनुमान जी ने राम जी के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। सीता माता के मंगल सूत्र के लिए लंका में आग लगाई। वहीं, कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ओसामा को कांग्रेस प्रत्याशी जी लगाकर बोलते हैं।
देशवासी ऐसे लोगों को कभी नहीं चाहेंगे जो आतंकवादियों को जी कहे। मोदी राज में सिर्फ कश्मीर ही नहीं, पूरा देश आनंद में डूबा हुआ है। जिन्होंने भगवान राम का निमंत्रण ठुकराया उन्हें पूरा देश ठुकराएगा। विपक्ष पर हमला करते हुए सीएम ने कहा कि वो कोरोना के टीके के बारे में कहते थे कि ये तो मोदी जी का टीका है।
याद करो अखिलेश को राहुल को, कहते थे कि हम नहीं लगाएंगे। जब पूरा देश टीका लगा रहा था तो रात में चुपके से टीका लगवाने के लिए आए थे। इतना ही नहीं, सीएम ने कहा कि मां बगलामुखी के आशीर्वाद से संपन्न एवं प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध सुसनेर की धरा पर जनता जनार्दन का स्नेह मिलना मेरे लिए सौभाग्य है।












Click it and Unblock the Notifications