गजेंद्र पटेल के समर्थन में पानसेमल पहुंचे CM मोहन यादव, कहा- इंडिया गठबंधन के कई नेता जमानत पर
MP News: खरगोन लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पटेल के समर्थन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बड़वानी जिले के पानसेमल पहुंचे। यहां सीएम यादव लोकसभा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पटेल के समर्थन में आयोजित आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम यादव ने इंडिया गठबंधन और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला।
सीएम मोहन यादव ने मंच से बोलते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अभी कांग्रेस से नई-नई दोस्ती हुई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंत्रियों के साथ जेल में हैं। उन्होंने कहा आम आदमी गलती की सजा पर जेल की हवा खाता है। ऐसे में गलत कार्य करने वाले बड़े नेताओं को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार छोड़ने वाली नहीं है।

इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई नेता जमानत पर हैं। चारा घोटाले में लालू यादव को जमानत मिली हुई है। कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता भी जमानत पर चल रहे हैं। इसी वजह से सभी जमानती नेता एक साथ होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
सीएम यादव ने कहा कि कांग्रेस आज से नहीं 70 साल से मंदिरों का निमंत्रण ठुकरा रही है। जब सोमनाथ मंदिर का भूमि पूजन किया गया था, तब नेहरू ने सोमनाथ मंदिर का निमंत्रण ठुकरा दिया था। वहीं, अब राम मंदिर का भूमि पूजन हो गया, निर्माण हो गया और रामलला भी आकर बैठ गए लेकिन कांग्रेस से कोई नहीं आया। इन्होंने आज फिर निमंत्रण ठुकरा दिया।
अब 13 मई को जनता इन्हें ठुकराएगी। सीएम ने कहा कि जो राम का नहीं हो सकता, वो किसी का नहीं हो सकता। इस दौरान सीएम यादव ने बीजेपी सरकार की योजनाएं गिनवाई। सीएम यादव ने कहा कि आपने बीजेपी को चुना तो आपको लाड़ली बहना योजना का लाभ मिला। किसानों के खातों में भी योजना का पैसा पहुंच रहा है।
सीएम ने कांग्रेस को जीरो कहते हुए डबल विकास का वादा किया, बोले, अगर इस बार हमारी सरकार आई तो, विकास की रफ्तार डबल कर देंगे। इस दौरान मंच से बोलते हुए सीएम यादव ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तो कांग्रेस के प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने कहा था कि मैं 1 रुपए भेजता हूं, 15 पैसे पहुंचते हैं।
आज नरेंद्र मोदी जी की सरकार है। किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपए भेजे जा रहे हैं तो 6 हजार रुपए किसानों तक पहुंच रहे हैं। किसी का 1 रुपए भी कम नहीं हुआ है। लाड़ली बहनों को साढ़े 12 सौ मिलना चाहिए, उनको साढ़े 12 सौ रुपए मिल रहे हैं। सीएम ने कहा कि यह ईमानदारी और बेइमानी के बीच का चुनाव है। गरीबों का राशन खाने वाली नेता सब जमानत पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications