बालाघाट में किसानों के लिए सीएम मोहन यादव ने की कई घोषणाएं, कहा- मिलेट उत्पादन पर मिलेगा अनुदान
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार 29 जून को बालाघाट के दौरे पर है। यहां सीएम यादव ने कृषि मंडी में आयोजित श्री अन्न उत्सव व किसान सम्मान समारोह में भाग लिया। इस दौरान सीएम यादव ने किसानों के लिए कई घोषणाएं भी की।
बालाघाट के कृषि मंडी में मंच से किसानों को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि पवित्र वैनगंगा नदी पर स्थित बालाघाट खनिज संपदा से समृद्ध है, यहां का कोदो-कुटकी, चिन्नौर का चावल प्रसिद्ध है।

मैं यहां के किसानों को प्रणाम करता हूं, अभिनंदन करता हूं, जो गर्मी में झुलसकर, सर्दी में ठिठुरकर और बारिश में भीगकर अन्न को उत्पन्न करते हैं। इस दौरान सीएम यादव ने मंच से 'श्री अन्न उत्सव व किसान सम्मान समारोह' में प्रमुख घोषणाएं की।
सीएम यादव ने कहा कि हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि आने वाले समय में सोलर एनर्जी के माध्यम से किसानों को मुफ्त बिजली मिले। इतना ही नहीं, मंच से बोलते हुए सीएम यादव ने कहा कि मिलेट उत्पादन में बालाघाट ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कोदो-कुटकी को एमएसपी पर खरीदने जा रही है और हम उस पर अलग से अनुदान भी देंगे। सीएम यादव ने लाड़ली बहनों योजना के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों के खाते में राशि फिर आने वाली है।
यह राशि किसी भी तरह रुकने वाली नहीं है। जबलपुर में आगामी समय में होने वाली समिट के माध्यम से बालाघाट एवं अंचल में उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। तो वहीं, युवाओं के लिए जुलाई महीने में बालाघाट को एक्सीलेंस कॉलेज की सौगात मिलेगी।
इस दौरान सीएम यादव ने मंच से बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में किसानों का सम्मान करते हुए पहली बार किसान सम्मान निधि दी गई। मध्यप्रदेश में 80 लाख किसानों को इसका लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई बीमार हो जाए और उसका आयुष्मान कार्ड बना है तो उसे पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से मुफ्त में अस्पताल पहुंचाने का काम हमारी सरकार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications