'स्पिरिचुअल सिटी' के प्रारूप पर CM मोहन यादव ने अधिकारियों से की चर्चा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Simhastha 2028: मध्य प्रदेश के उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ के पहले 'स्पिरिचुअल सिटी' बनाई जाएगी। उज्जैन में विकसित होने वाली स्पिरिचुअल सिटी को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार 21 मई को अधिकारियों के साथ मंत्रालय में बैठक की। इस दौरान सीएम यादव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने 'X' पर कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की। साथ ही, सीएम यादव ने लिखा कि आज मंत्रालय में बैठक कर "सिंहस्थ 2028" की तैयारियों और उज्जैन में विकसित होने वाली "स्पिरिचुअल सिटी" के प्रारूप पर अधिकारियों से चर्चा की व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खबर के मुताबिक, उज्जैन में स्थापित होने वाली स्पिरिचुअल सिटी में भगवान शिव की बड़ी मूर्ति स्थापित की जाएगी। साथ ही, 12 ज्योतिर्लिंग भी बनाए जाएंगे, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को एक ही जगह दर्शन मिल सकें। इसका उद्देश्य उज्जैन के धार्मिक टूरिज्म को बढ़ाना है।
ऐसा बताया जा रहा है कि स्पिरिचुअल सिटी उज्जैन से 15 किमी दूर बनाई जाएगी, जिसके लिए 150 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। यहां भगवान भोलेनाथ की मूर्ति के चारों ओर देश के प्रसिद्ध 12 ज्योतिर्लिंग के स्वरूप स्थापित किए जाएंगे। यहां ज्योतिर्लिंग के साथ अपनाई जाने वाली पूजा पद्धति की जानकारी भी रहेगी।
खबर के मुताबिक, स्पिरिचुअल सिटी के एरिया से ही होकर कर्क रेखा गुजरती है। सरकार यहां कर्क रेखा के पास वैदिक घड़ी भी लगाने की तैयारी में है, जिससे कर्क रेखा के साथ वैदिक घड़ी का आध्यात्मिक महत्व जुड़ जाए।












Click it and Unblock the Notifications