MP News: आगर मालवा नदी में डूबने से तीन बच्चों की हुई मौत, CM मोहन यादव ने जताया दुख
MP News: मध्य प्रदेश के आगर मालवा में लखुंदर नदी में नहाते समय तीन बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है। बचावकर्मियों ने उसी दिन दो बच्चों के शव बरामद कर लिए। तीसरे बच्चे का शव शनिवार सुबह एसडीईआर की टीम को मिला। वहीं, इस हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है।
आगर घटना पर दुख जताते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने 'X' हैंडल पर लिखा, 'आगर जिले की नलखेड़ा तहसील की लखुंदर नदी में डूबकर तीन बच्चों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक एवं पीड़ादायी है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें।

इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में हम सभी शोकाकुल अभिभावकों के साथ हैं। तीनों बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।' बता दें कि यह घटना आगर मालवा जिले के नलखेड़ा तहसील के छलदा गांव में हुई।
तीन बच्चे अपने परिवार के सदस्यों के साथ एक बुजुर्ग व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए नदी पर गए थे। शुक्रवार शाम को नदी में नहाने गए तीन बच्चे अचानक नदी में डूब गए। जैसे इस बात की जानकारी बच्चों के साथ आए परिजनों को हुई तो हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत तलाशी अभियान चलाया और दो बच्चों के शव बरामद कर लिए।
वहीं, तीसरे बच्चे की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जिसका शव शनिवार सुबह नदी में तैरता हुआ मिला। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्चों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। जिन बच्चों की जान गई है, उनकी पहचान पंकज, मोनू और मुस्कान के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications