राहुल-अखिलेश पर एमपी CM मोहन यादव ने साधा निशाना, पूछा- 'ये दोस्ती कितनी चलेगी...'
MP News: मनोज तिवारी और योगेंद्र चांदोलिया के समर्थन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उत्तर पूर्वी दिल्ली पहुंचे। यहां सीएम यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। सीएम यादव ने अखिलेश और राहुल गांधी की दोस्ती पर भी सवाल उठाया।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए एमपी सीएम मोहन यादव ने कहा कि ये बेमेल जोड़ी है, इनका कोई तालमेल नहीं है। कहा कि अभी यह अवसर परस्ती की दोस्ती कितनी चलेगी, आप भी देखोगे, हम भी देखेंगे। इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि स्व.मुलायम सिंह जी ने कांग्रेस पार्टी से हमेशा से नफरत की थी।

वहीं, दूसरी तरफ मुलायम सिंह ने चुनाव जीतने से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामना दी थी। उत्तर पूर्वी दिल्ली में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने मंच से कहा कि राहुल गांधी सभाओं में संविधान की एक लाल किताब दिखा रहे हैं। कहा कि वो पहले संविधान को समझ लें, उनकी दादी ने संविधान को अलग करके देश में आपातकाल लगाया था।
बाबा साहब अंबेडकर ने 1950 में जो मूल संविधान लागू किया था। उसमें कांग्रेस की 5 पीढ़ियों ने सौ बार से ज्यादा संविधान संशोधन कर दिए। जिन्होंने खुद पाप किए वो दूसरे से कहां सर्टिफिकेट लेंगे। सीएम यादव ने कहा बिहार, यूपी में कुछ राजनीतिक दलों में परिवारवाद इतना हावी हैं कि वे सारे पद अपने ही घर में रख लेते हैं।
किसी को मौका ही नहीं देते, लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं होता है। अगर ऐसा होता तो मुझे कौन मौका देता। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे ये मौका दिया है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को लेकर चलती है।












Click it and Unblock the Notifications