आजादी के बाद 70 वर्षों तक भगवान श्रीराम गर्भग्रह में प्रवेश नहीं कर सके, ये कलंक कांग्रेस के माथे पर- CM यादव
कांग्रेस ने आजादी के बाद 70 से अधिक वर्षों तक देश में राज किया। देश-प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद गरीबों, आदिवासियों को पक्के मकान बनाकर नहीं दिए। इतना ही नहीं आजादी के बाद से अब तक हम सबके आराध्य भगवान श्रीराम गर्भग्रह में प्रवेश नहीं कर सके। इसका कलंक भी कांग्रेस के माथे पर ही रहेगा।
यह बातें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शहडोल लोकसभा की पुष्पराजगढ़ विधानसभा के ग्राम करपा, रीवा लोकसभा की सिरमौर विधानसभा के डभोरा और सतना लोकसभा की चित्रकूट विधानसभा के बरौधा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नौगांव में रोड शो भी किया।

यह चुनाव सामान्य नहीं
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह चुनाव यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने का चुनाव है, देश की खुशहाली का चुनाव है, श्रीरामलला के गर्भग्रह में मुस्कुराने का चुनाव है, गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित देश की जनता को उनका अधिकार दिलाने का चुनाव है। प्रधानमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में मध्यप्रदेश को कई सौगातें दीं। मध्यप्रदेश में विकास की गंगा बहाई गई। अकेले शहडोल के अंदर ही 850 करोड़ रूपए की लागत से 550 किलोमीटर की सड़क बनवाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा सबका जीवन धन्य करने वाली जीवंत नदी हैं, जो बरगी बांध से रीवा में सोन नदी से मिलने के लिए बढ़ रही है, ये केवल भाजपा की सरकार में हो सकता था। भाजपा सरकार द्वारा लगातार नदियों को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।
कांग्रेस ने सिर्फ बोला, लेकिन भाजपा ने करके दिखाया
कांग्रेस ने देश-प्रदेश में 60 वर्षों से अधिक समय तक राज किया। इनके नेता आदिवासियों, गरीबों, महिलाओं को आश्वासन देकर उनका इस्तेमाल सिर्फ वोट बैंक के लिए करते रहे। आदिवासियों, गरीबों को पक्का मकान तक बनाकर नहीं दे सके। यदि गरीबों, आदिवासियों को पक्की छत किसी ने दी है तो वो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दी है। प्रधानमंत्री ने सिर्फ पक्के मकान ही नहीं, बल्कि गांव-गांव तक सड़कों का जाल, घर-घर तक पानी की टोंटी, 24 घंटे बिजली देने का काम भी किया है।

भाजपा का संकल्प ही सेवा करना है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा तो राजनीति ही सेवा करने के लिए करती है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प ही देश और देशवासियों की सेवा करने का है। उनके संकल्प को हम सब भी मिलकर पूरा करने का काम कर रहे हैं। पहले वन्य ग्रामों, आदिवासी अंचलों में रहने वाले लोग अपने गांव एवं जंगल से बाहर नहीं निकल पाते थे, लेकिन उनके जीवन को भी बदलने का कार्य हमारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। आदिवासियों के बच्चे अब बड़े-बड़े शहरों में एवं विदेशों में भी पढ़ाई के लिए जा रहे हैं। उनका जीवन स्तर भी पूरी तरह बदल गया है।
भगवान श्रीराम का जीवन हमें जीने की कला सिखाता है
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भगवान श्रीराम के जीवन की सीख भी दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का जीवन हमें जीने की कला सिखाता है। भगवान श्रीराम एक आदर्श बेटे, आदर्श पति, आदर्श भाई और आदर्श स्वामी के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने भी कठिन से कठिन दौर देखे। जब वे 14 वर्षों के लिए अयोध्या से निकले तो उनके लिए सबसे अच्छा समय इस विंध्य की धरती पर ही रहा। चित्रकूट सहित विंध्य की धरती पर वे लंबे समय तक रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भाजपा सरकार ने निर्णय लिया है कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के मध्यप्रदेश में जहां-जहां चरण पड़े, जहां-जहां उनकी लीलाएं हुईं, उन प्रत्येक स्थान को तीर्थ के रूप में विकसित करेंगे।
कांग्रेस ने हमेशा श्रीराम के लिए अड़ंगा लगाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने भगवान श्रीराम के मामले में हमेशा से अड़ंगे लगाए। उन्होंने कोर्ट में भी भगवान श्रीराम के बारे में प्रश्न चिन्ह खड़े किए। अगर राम को गायब कर दोगे, तो शबरी माता का किस्सा कहां से आएगा? कांग्रेस ने हमारे देवी-देवताओं को नकारने का काम किया। 22 जनवरी के दिन मंदिर बनाने वालों ने कांग्रेस के सारे पाप माफ कर दिए, लेकिन नहीं आने वालों में एकमात्र पार्टी कांग्रेस का नाम है। जो भगवान श्रीराम को ठुकराएंगे, जनता उन्हें ठुकराएगी, आप हमारे भगवान का अपमान करोगे और फिर हमसे वोट की कामना करोगे। ये दोनों बातें नहीं चलेगी। इस पाप के लिए कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष माफी मांगे कि हमने भगवान श्रीराम का निमंत्रण ठुकराकर गलती की थी।












Click it and Unblock the Notifications