भाभी से हुआ विवाद तो भतीजों ने कर दी चाचा की हत्या
गुना में नाबालिग भतीजों ने अपने सगे चाचा की हंसिया मारकर कर दी हत्या।
गुना, 12 जून। गुना में भाभी से हुए विवाद के बाद भतीजों ने अपने ही चाचा को मौत के घाट उतार दिया। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि भतीजे अपने चाचा के खून के प्यासे हो गए और उन्होंने चाचा की छाती में हसिया मार कर चाचा की जान ले ली।

टकनेरा गांव में रहने वाले कल्याण सिंह और उनके भाई भूरा का एक ही स्थान पर घर है। दोनों ही घरों का संयुक्त रुप से एक दालान भी है। इस दालान का एक ही दरवाजा है और इसी दरवाजे का इस्तेमाल दोनों ही परिवार करते हैं। दालान में दोनों ही परिवार के मवेशी बांधे जाते हैं। इस दालान के दरवाजे को लेकर दोनों ही परिवारों के बीच अक्सर झगड़ा हुआ करता था।
दालान का दरवाजा खुले होने पर भाभी को टोका तो हो गई हत्या
शनिवार की रात को इसी दालान का दरवाजा खुला हुआ था। दरवाजा खुला देखकर कल्याण ने अपनी भाभी को टोकते हुए कहा कि रात के वक्त चोर दरवाजे से अंदर दाखिल हो सकते हैं। इतना सुनते ही कल्याण की भाभी खैरी बाई का पारा चढ़ गया और वह कल्याण से लड़ने लगी। लड़ते-लड़ते उन्होंने अपने पति भूरा और अपने दो नाबालिग बेटों को भी बुला लिया।
नाबालिक बेटों ने कर दी अपने ही चाचा की हत्या
दोनों ही परिवारों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि कल्याण के दोनों नाबालिग भतीजे कल्याण के साथ मारपीट करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि कल्याण के भतीजे ने कल्याण के सीने में हसिया मार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने सभी आरोपियों को कर लिया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के इस मामले में आरोपी मृतक के बड़े भाई भूरा और भाभी खैरी बाई समेत दोनो नाबालिग भतीजों को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications