Madhya Pradesh: दतिया में नदी में गिरा मिनी ट्रक, 12 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल
Datia accident News Update: मध्य प्रदेश के दतिया में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ, जहां एक मिनी ट्रक बुहारा नदी में जा गिरा। इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे। उनको नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया है।
जानकारी के मुताबिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग मिनी ट्रक में सवार होकर ग्वालियर के बिलहेटी गांव से टीकमगढ़ जा रहे थे। तभी बुहारा गांव के पास निर्माणाधीन पुल से पास ट्रक अनियंत्रित हो गया और नदी में जा गिरा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अभी तक घटना में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन दर्जन लोग घायल बताए जा रहे। उनको नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
क्या टायर फटा?
कुछ चश्मदीदों के मुताबिक जब ट्रक पुल पर था, तो उसका टायर फट गया। जिससे वो अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वो रेलिंग को तोड़ते हुए बुहारा नदी में जा गिरा। हादसा इतना ज्यादा भयानक था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ लोगों ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। मृतकों में कुछ बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं।
MP के गृहमंत्री ने जताया दुख
इस घटना पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि ट्रक में लड़की पक्ष के लोग सवार थे। पुल पर ही ट्रक का पहिया उतरा और नदी में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही रात में पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंच गई थी और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवा दिया। जिसमें कई लोगों को निकाला गया।
गृहमंत्री के मुताबिक घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा दिया गया था। सरकार की प्राथमिकता उनको अच्छे से अच्छा इलाज मुहैया करवाने की है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications