Madhya Pradesh Weather: भोपाल समेत 14 जिलों में बारिश की आशंका, बढ़ेगी ठिठुरन
भोपाल, 28 दिसंबर। पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में है तो वहीं भारतीय मौसम ने आज राजधानी भोपाल में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है और कहा है बारिश के साथ-साथ बिजली भी चमक सकती है और हवाएं भी चल सकती है। आईएमडी ने अनुमान लगाया कि आज भोपाल में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

भोपाल समेत 14 जिलों में बारिश की आशंका
आज सुबह से ही एमपी के कई जिलों में घने बादल छाए हुए हैं। तो वहीं मौसम विभाग ने आज 14 जिलों में बारिश की आशंका व्यक्त की है और कहा है अब सर्दी और ठिठुरन बढ़ेगी।

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव
आईएमडी ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते इस वक्त मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज और कल प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश हो सकती है तो वहीं जबलपुर, शहडोल, रीवा संभागों के जिलों में कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते है और इस दौरान पारा तेजी से नीचे गिरेगा और सर्दी बढ़ेगी। हालांकि बारिश के कारण किसानों को दिक्कत होगी क्योंकि इस बारिश से रबी की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

साइक्लोनिक प्रेशर सक्रिय
तो वहीं स्काईमेट के मुताबिक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य में सर्दियों में बारिश हो जाती है लेकिन मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में सर्दी में बारिश काफी कम देखने को मिलती है लेकिन एक साइक्लोनिक प्रेशर के कारण इस वक्त एमपी में बेमौसम बरसात के आसार हैं जिसने आमलोगों की चिंता को बढ़ा दिया है।

हल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं
स्काईमेट ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश,पश्चिमी राजस्थान, पश्चिम बंगाल सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं, जिससे ठंड बढ़ेगी।

यहां जारी हुआ शीतलहर का अलर्ट
गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित दक्षिण हरियाणा क्षेत्र में 31 दिसंबर को शीत लहर की भविष्यवाणी की है। तो वहीं दिल्ली,यूपी और बिहार में भी शीतलहर चल सकती है और हल्की बारिश हो सकती है तो वहीं पंजाब-राजस्थान में सुबह-शाम घना कोहरा भी छाया रहेगा इसलिए सभी को काफी सचेत रहने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications