मध्य प्रदेश: पत्नी हुई बीमार तो तलाक के लिए पति पहुंचा कोर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में एक महिला ने खुद के बीमार होने के बाद पति पर तलाक मांगने का आरोप लगाया है। महिला ने महिला आयोग में इस बाबत शिकायत कर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आयोग में की गई शिकायत में महिला ने कहा है कि बीमार पड़ने पर ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया और फिर पति ने कोर्ट में तलाक के लिए भी केस कर दिया। महिला का कहना है कि ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित कर रहा है।

ससुरालियों की प्रताड़ना से हुई बीमार
महिला का कहना है कि शादी से पहले वो बिल्कुल ठीक थी लेकिन शादी के बाद उसे लगातार परेशान किया गया। इससे उसको सर्वाइकल डिस्ट्रोनिया हो गया। अब ससुराल के लोग उसका इलाज नहीं करा रहे हैं और कह रहे हैं कि वो अपने मायके चली जाए। पति ने तलाक का केस किया हुआ है लेकिन महिला तलाक नहीं चाहती है।

ससुराल के लोंगों ने नहीं कराया इलाज
छाया ने महिला आयोग को की शिकायत में बताया है कि उसकी शादी फरवरी 2016 में कोलार के अनिल से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालियों का उसके लिए बर्ताव बदल गया और उसे परेशान किया जाने लगा। वह बीमार रहने लगी और गर्दन में परेशानी शुरू हुई तो उसने सास और पति को इस बारे में बताया। छाया का कहना है कि छह महीने तक वो बीमार रही लेकिन उसे डॉक्टर को नहीं दिखाया गया।

बीमारी का पता चला तो घर से निकाला
छाया की परेशानी जब बढ़ती ही रही और ससुराल के लोगों ने इलाज नहीं कराया तो उसने पिता को बताया। पिता उसे डॉक्टर के पास ले गए। जहां उसे सर्वाइकल डिस्ट्रोनिया नाम की बीमारी हो जाने की बात सामने आई। बीमारी का पता चलते ही ससुराल वाले कहने लगे कि अब उसे यहां रहने की जरूरत नहीं। उसे घर से निकाल दिया गया और कोर्ट में तलाक का केस भी डाल दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications