MP Weather: एमपी में सर्दी शुरू? सुबह और रात में गुलाबी ठंड का अहसास, जानिए कब होगा मौसम में बदलाव
Madhya Pradesh Weather News: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई हो चुकी है और ठंड के मौसम ने अपनी आहट की दस्तक दे दी है। जैसे-जैसे अक्तूबर का महीना आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे मौसम में ठंडक का अहसास बढ़ रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी तो परेशान कर ही रही है। लेकिन रात के समय तापमान में कमी के चलते हल्की ठंडक का अनुभव हो रहा है। सुबह के समय भी गुलाबी ठंड का मामूली अहसास होने लगा है।
राजधानी भोपाल में बुधवार को हल्की धूप के साथ ही आसमान में दिनभर बादल छाए रहे, वहीं गुरुवार को दिन का तापमान आम दिनों की अपेक्षा ज्यादा दर्ज किया गया। जबकि रात के तापमान में हल्दी गिरावट दर्ज की गईहै।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले कुछ दिनों में गुलाबी ठंड से रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं अगले एक-दो दिनों में मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 20 अक्टूबर के बाद हल्की ठंड की शुरूआत हो सकती है। बता दें, बुधवार को गुना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को जबलपुर, इंदौर और नर्मदापुरम संभागों में हल्की बारिश की संभावनाजताई है। इस तरह की स्थिति दो दिन और बनी रह सकती है। बाकी जिलों में रात के तापमान में धीरे-धीरे कमी आने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और राजस्थान में मौजूद प्रति चक्रवात के कारण प्रदेश में बारिश हो रही हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद जताई है।
जल्द ही दस्तक देगी ठंड
प्रदेश के 35 जिलों से बारिश विदा हो चुकी है। लेकिन मौसम विभाग को प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना नजर आ रही है। हालांकि, हल्की नमी अभी भी आसपास बनी रहेगी। मानसून के विदा होते ही प्रदेश में ठंड भी दस्तक देने लगेगी।












Click it and Unblock the Notifications