मौनी अमावस्या पर सीएम मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं, कहा- 'यह दान, उपवास और लोक-आस्था का पर्व'
आज मौनी अमावस्या का खास पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में मौनी अमावस्या का बड़ा महत्व है। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समस्त प्रदेश वासियों को मौनी अमावस्या की बधाई दी।
उन्होंने एक ट्वीट शेयर करते हुए प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए लिखा, "दान, उपवास एवं लोक-आस्था के पावन पर्व मौनी अमावस्या की समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान सूर्य नारायण एवं पतित पावनी मां गंगा की कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो, यही प्रार्थना है।"

मौनी अमावस्या का महत्व
शास्त्रों में मौनी अमावस्या का महत्व बताया गया है। मौनी अमावस्या का सीधा अर्थ होता है मौन रहकर ईश्वर की साधना करना। इस दिन जो लोग मौन रहकर साधना करते हैं उनको मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस दिन सूर्यदेव को अर्घ्य देने से भक्त के जीवन में तेज, ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है, जबकि गंगा स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ करने के समान फल मिलता है।
यदि पूरा दिन मौन-व्रत रखना संभव न हो तो स्नान-दान से पूर्व सवा घंटे का मौन-व्रत रखना चाहिए। इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा करना शुभ होता है। पितरों का आशीर्वाद पाने के लिए इस दिन को बेहद ख़ास माना गया है। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 7 बजकर 5 मिनट से लेकर रात को 11 बजकर 29 मिनट पर समाप्त होगा। इस शुभ योग में मौनी अमावस्या का व्रत करने से आपके पूर्वज प्रसन्न होकर आपको जीवन में सफल और संपन्न होने का आशीर्वाद देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications