मध्यप्रदेश CM मोहन यादव ने सीएम साय से की मुलाकात, कहा- छत्तीसगढ़ से मेरा पुराना नाता
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव मंगलवार 12 मार्च को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। यहां रायपुर में सीएम यादव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान सीएम यादव ने सीएम साय से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विकास के साथ ही दोनों प्रदेशों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीएम साय के रायपुर स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर अभिवादन किया। तो वहीं, छत्तीसगढ़ के सीएम साय ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर आज आने का सौभाग्य मिला है।

करीब साढ़े तीन दशक से इस अंचल से सम्पर्क है। विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी होने के नाते अक्सर रायपुर आना होता था। यहां आकर ऐसा महसूस हुआ कि अपने घर में ही हूं। सीएम यादव ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों में विकास के प्रयासों को सफलता मिलेगी। सभी क्षेत्रों में जनकल्याण के कार्य होंगे।
इससे पहले सीएम मोहन यादव के रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने उनका आत्मीय स्वागत किया। ऐसा बताया जा रहा है कि सीएम मोहन यादव आज राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत राशि वितरण तथा अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications