चित्रकूट को दिलाई जाएगी विश्व-स्तरीय पहचान, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय गुरुवार 18 जनवरी को मंत्रालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सतना जिले में स्थित चित्रकूट को विश्व-स्तरीय पहचान दिलाई जायेगी। इसके लिए कार्ययोजना बनाए और घाट सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सफाई की ओर भी विशेष ध्यान दे।
नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि धार्मिक ग्रंथों में चित्रकूट का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने मंदाकिनी नदी की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाये जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के अंतर्गत आने वाले धार्मिक स्थानों का चयन करे और वहां पर्यटन सुविधा बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार से पर्याप्त बजट राशि प्राप्त की जायेगी। नगरीय विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केन्द्र से मिलने वाली राशि के लिए पत्र तैयार करें। इसके लिए नई दिल्ली में उच्च स्तर पर प्रयास किए जायेंगे। इसी तरह राज्य स्तर पर योजना पर राशि प्राप्त करने के लिए वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जायेगी।
मंत्री विजयवर्गीय ने प्रदेश के स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से आत्म-निर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निकायों में कार्यरत अमले को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था करें। निकायों में आमदनी बढ़ाने के स्रोत ढूँढें। किसी भी निकाय में बजट की कमी के कारण नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित न होना पड़े।
यदि किसी नगरीय निकाय में पानी, बिजली और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएँ नहीं मिल पाती हैं, तो इससे राज्य सरकार की छवि खराब होती है। विभाग के अधिकारियों को इस बात की चिंता कर अपनी कार्य-प्रणाली में सुधार लाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications