कांग्रेस ने 65 वर्षों में 3 करोड़, भाजपा ने 10 वर्ष में 4 करोड़ लोगों को मकान दिए: ज्योतिरादित्य सिंधिया
Lok sabha election 2024: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में एक-एक बूथ किला है, और उसका एक-एक कार्यकर्ता सेनापति है, अपने हर किले पर सेनापति को भाजपा का झंडा फहराकर रखना है। आजादी के बाद कांग्रेस शासनकाल में देश अपने विकास और प्रगति के लिए भूखा था। 2014 में श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद भारत विकास के रास्ते में चल पड़ा है।
यह बात केंद्रीय मंत्री व गुना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोक नगर जिले के चंदेरी विधानसभा के मंडलों व बूथ समिति कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। श्री सिंधिया ने ईसागढ़, ढाकोनी, नई सराय, अशोक नगर शहर, ग्रामीण, कचनार, शाढ़ौरा, राजपुर मंडल के बूथ समिति कार्यकर्ताओं की बैठक को भी संबोधित किया है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि मेरी सबसे बड़ी पूंजी भाजपा है। इस पार्टी के लिए एक-एक परिजन ने अपने जीवन की आहुति दी है। यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय जी की पार्टी है, जिन्होंने बलिदान और समर्पण को अपने जीवन की सबसे बड़ी पूंजी माना है। मेरी आजी अम्मा पूर्व राजमाता स्व. श्रीमती विजयाराजे सिंधिया ने इस पार्टी की स्थापना करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। आज उन्हीं राजमाता का पोता मैं भाजपा के प्रत्याशी के रूप में आपके सामने खड़ा हूं। आप सभी कार्यकर्ताओं और जनता को मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आप के लिए मैं हमेशा खड़ा रहूंगा।
भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के सेनापति हैं
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता सेनापति हैं और यह सभी सेनापति अपने-अपने बूथों पर पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए 370 नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत अपने सफर पर चल पड़ा है। कांग्रेस सरकार में गरीबी हटाओ के नारे लगाए जाते थे, लेकिन गरीबी हटाने के लिए कोई कार्य नहीं किया गया। श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लोगों की गरीबी हटाने का कार्य किया गया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश में 65 वर्षों तक कांग्रेस ने शासन किया और कांग्रेस के शासनकाल में केवल तीन करोड़ घर आवास योजना के तहत बने थे। उसी भारत में 10 साल के अंदर 4 करोड़ घर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बनाकर गरीबों के सर के ऊपर छत देने का कार्य कर दिया। जिस भारत में गरीबों को राशन नहीं मिलता था, करोना काल आया, मोदी जी ने 80 करोड़ घरों में राशन पहुंचाने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications