MP News: IPL सट्टा रैकेट का खुलासा, अशोकनगर पुलिस ने मास्टर एजेंट किया गिरफ्तार, करोड़ों के लेनदेन की आशंका
MP News: अशोकनगर पुलिस ने क्रिकेट के ऑनलाइन सट्टे के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए मास्टर एजेंट चिराग जैन और उसके साथी राहुल जैन को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी विनीत कुमार जैन के निर्देशन में सिटी कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की गई है। दोनों आरोपी देशभर में चल रहे IPL क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान अवैध ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों को संचालित कर रहे थे।
यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे पहले फरवरी में पुलिस ने इसी नेटवर्क से जुड़े गौरव जैन उर्फ गोलू बगिया सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनसे पूछताछ के बाद यह नेटवर्क सामने आया।

मास्टर एजेंट चिराग और 'सुपर एजेंट' गौरव की मिलीभगत
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि 22 वर्षीय चिराग जैन, इस पूरे सट्टा रैकेट का मास्टरमाइंड था। वह लोगों को आईडी, पासवर्ड और सट्टा लिंक मुहैया कराकर उन्हें सट्टेबाजी के लिए जोड़ता था। गौरव जैन को उसने 'सुपर एजेंट' बनाया था जो आगे स्थानीय स्तर पर लोगों को जोड़ने का काम करता था।
एसपी विनीत जैन ने बताया - "चिराग पूरे नेटवर्क को नियंत्रित कर रहा था। गौरव और अन्य आरोपी उससे जुड़कर सट्टा खेलवा रहे थे। इन सभी की गतिविधियों पर तकनीकी और खुफिया निगरानी लंबे समय से रखी जा रही थी।"
राहुल का बैंक खाता बना सट्टेबाजी का अड्डा
इस रैकेट में 30 वर्षीय राहुल जैन की भूमिका भी अहम रही। राहुल ने अपने नाम का बैंक खाता कमीशन पर चिराग को सौंप दिया था, जिसका उपयोग सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। पुलिस को संदेह है कि इस खाते से लाखों रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। फिलहाल, पुलिस ने खाते की लेन-देन डिटेल्स जब्त कर ली हैं और आयकर विभाग से भी रिपोर्ट मांगी गई है।
डिजिटल सबूतों की जांच जारी, हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल, लैपटॉप और डिजिटल वॉलेट्स से कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इनमें सट्टा लगाने वालों की सूची, बुकियों से बातचीत के स्क्रीनशॉट, WhatsApp कॉल रिकॉर्ड्स और विदेशी वेबसाइट्स के लिंक शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि यह रैकेट मल्टी-लेयर नेटवर्क पर काम करता था, जिसमें बेटिंग साइट्स, फर्जी खातों और बिटकॉइन जैसे क्रिप्टो ट्रांजेक्शन का उपयोग किया जा रहा था।
MP News: अब थाने से नहीं मिलेगी जमानत
एसपी विनीत जैन ने इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा: "आईपीएल सट्टा कारोबार के सभी आरोपियों को अब थाने से जमानत नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें सीधे कोर्ट में पेश किया जाएगा। अशोकनगर पुलिस ने इस अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है और अभियान निरंतर जारी रहेगा।"
लगातार बढ़ रहा है ऑनलाइन सट्टे का दायरा
मध्य प्रदेश के कई जिलों में आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी में तेजी देखी गई है। पुलिस का मानना है कि इस प्रकार के रैकेट देशभर में फैले हुए हैं, जो WhatsApp, Telegram और मोबाइल ऐप्स के जरिए काम करते हैं। इनकी पहुंच गांव-गांव तक हो चुकी है।
MP News: जनता से अपील, सट्टेबाजी से दूर रहें
एसपी जैन ने जनता से अपील की है कि वे क्रिकेट सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने पर आईटी एक्ट, जुआ अधिनियम और मनी लॉन्ड्रिंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें लंबी जेल और जुर्माने का प्रावधान है।












Click it and Unblock the Notifications