चित्रकूट उपचुनाव: सीएम शिवराज ने जहां गुजारी रात वहां बीजेपी को मिले 200 वोट, ससुराल में भी हारे भाजपा प्रत्याशी
चित्रकूट। गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मध्यप्रदेश से बीजेपी के लिए बुरी खबर आई है। रविवार को चित्रकूट उपचुनाव का परिणाम आया, जिसमें कांग्रेस को जीत मिली है। यहां कांग्रेस उम्मीदवार नीलांशु चतुर्वेदी ने भाजपा प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी को 14,133 वोटों से हरा दिया है। यहां बीजेपी ने काफी जोरदार चुनाव प्रचार किया था। खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान प्रचार में उतरे थे। यहां तक कि उन्होंने चित्रकूट के तुर्रा गांव में एक रात भी गुजारी थी। लेकिन चुनाव नतीजे उनके मुताबिक, नहीं रहे।

जहां रुके सीएम शिवराज वहां बीजेपी को मिले सिर्फ 203 वोट
जानकारी के मुताबिक, जिस तुर्रा गांव में सीएम शिवराज रुके थे, वहां कुल 1042 वोटर हैं, लेकिन यहां बीजेपी प्रत्याशी को सिर्फ 203 वोट ही मिल सके, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 413 वोट मिले हैं।

ससुराल में भी हारे बीजेपी उम्मीदवार
बीजेपी उम्मीदवार शंकरदयाल त्रिपाठी की ससुराल सिंहपुर में भी है, लेकिन यहां भी कांग्रेस प्रत्याशी उन पर भारी पड़े। सिंहपुर में बीजेपी प्रत्याशी को सिर्फ 196 वोट ही मिल सके, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 519 वोट हासिल हुए।

शिवराज के चलते चर्चा में आया तुर्रा गांव
चित्रकूट का तुर्रा गांव हाल ही में उस वक्त चर्चा में आया था, जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां लालमन सिंह गोंड नाम के शख्स के यहां रुके थे। उन्होंने इसी व्यक्ति के घर खाना भी खाया था। लेकिन इस दौरे की चर्चा सीएम के लिए किए गए खास इंतजामों को लेकर हो गई। ऐसी खबरें आईं कि जिस शख्स के यहां सीएम रुके थे, वहां जबर्दस्त इंतजाम किए गए थे। जैसे ही सीएम शिवराज का डेरा वहां से हटा अधिकारी अपने साथ शौचालय की छत, दीवारें भी साथ ले गए। कमरे में गद्दा, सोफा और कुर्सी थी, लेकिन सीएम के जाने के एक दिन बाद ही वहां सब खाली पड़ा था। शिवराज सिंह चौहान तु्र्रा गांव से गए तो अधिकारी शौचालय की छत और दीवारें भी साथ ले गए।












Click it and Unblock the Notifications