MP: निर्दलीय रोड रोलर का भाजपा के सामने सरेंडर, वोटिंग से एक दिन पहले समर्थन दिया
सागर, 05 जुलाई। मप्र में नगर निगम चुनाव की वोटिंग से पहले सागर में एक निर्दलीय महापौर प्रत्याशी ने भाजपा के आगे सरेंडर कर दिया। इनको रोड रोलर चुनाव चिन्ह मिला था। बीते 20 दिनों से यह लगातार चुनाव प्रचार कर रही थीं, लेकिन मंगलवार को मंत्री भूपेंद्र सिंह से मुलाकात कर चुनाव से हट गईं और भाजपा प्रत्याशी को समर्थन जता दिया।

सागर में महापौर पद की एक प्रत्याशी सौम्या तिवारी ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह से मुलाकात करके भाजपा की सदस्यता ली और भाजपा की महापौर प्रत्याशी श्रीमती संगीता सुशील तिवारी को समर्थन दे दिया है। सौम्या तिवारी बड़ा बाजार सागर की निवासी हैं। उन्हें रोड रोलर चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ था, उन्होंने काफी प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क भी किया। सागर में अब कांग्रेस भाजपा के अलावा छह और प्रत्याशी मैदान में हैं।
भाजपा के संकल्प पत्र से प्रभावित होकर लिया निर्णय
निर्दलीय के रूप में सौम्या तिवारी का चुनाव चिन्ह रोड रोलर मिला था। उन्होंने भाजपा नेता महेश साहू, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, अजय तिवारी देवलचौरी के साथ मंत्री भूपेंद्र सिंह से भेंट करके भाजपा का दुपट्टा पहन कर सदस्यता लेने की घोषणा कर दी। सदस्यता लेने के बाद सौम्या तिवारी ने कहा कि मैंने भाजपा के संकल्प-पत्र में घोषित विकास योजनाओं का अध्ययन करने के बाद यह निर्णय लिया है कि भाजपा ही सागर का विकास करने में सक्षम राजनीतिक पार्टी है। आज से मैं भाजपा की महापौर प्रत्याशी के समर्थन के लिए सबसे अपील करुंगी।












Click it and Unblock the Notifications