MP: अन्ना हजारे की क्लास में बुंदेलखंड के सरपंच-सचिव, विकास के माॅडल को समझा
सागर, 21 अगस्त। प्रसिद्ध गांधीवादी नेता अन्ना हजारे के गांव व आदर्श ग्राम पंचायत रालेगण सिद्धि गांव की तर्ज पर बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिले की ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम पंचायत बनाया जाएगा। बीते दिनों जिले की चुनिंदा पंचायतों के 28 सरपंच सचिवों को महराष्ट्र भेजा गया था। यहां उन्होंने अन्ना हजारे से मुलाकात कर गांव के विकास, आदर्श ग्राम पंचायत बनाने के लिए टिप्स लिए।

महाराष्ट्र का रालेगण सिद्धि गांध देश में विकास का सबसे बेहतरीन माॅडल और आदर्श गांव है। गांधीवादी नेता अन्ना हजारे ने रालेगण सिद्धि और हिवरी बाजार गांव को आदर्श बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने गांव के लोगों को नशा से दूर किया, विकास, रोजगार के लिए जागरुक किया व सामाजिक सरोकारों से जोड़ा था। बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिला प्रशासन ने अपने यहां की ग्राम पंचायतों को रालेगण सिद्धि के माॅडल की तर्ज पर विकसित करने का निर्णय लिया है। इसी लिए 28 सरपंच व सचिवों को महाराष्ट्र भेजा गया था। दल के सदस्यों ने रालेगण सिद्धि के गांव के समग्र विकास का अवलोकन किया और प्रसिद्ध समाजसेवी व गांधीवादी विचारक अन्ना हजारे से मुलाकात कर गांव के विकास व माॅडल पर जानकारी और टिप्स लिए। अन्ना हजारे ने बताया कि सबसे पहले इसमें जनता की सक्रिय भागीदारी और भूमिका को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अहमद नगर जिले के इस गांव को विकसित करने के लिए बेरोजगारी, पेयजल समस्या और नशे की लत से दूर किया।
रालेगण सिद्धि, हिवरी के विकास पर किताब प्रकाशित उसे लेकर आए
सरपंच-सचिवों ने भ्रमण के दौरान गांव के लोगों से मुलाकात की और समग्र विकास को लेकर उनसे चर्चा की। जिले के सरपंच-सचिव वहां से रालेगण सिद्धि और हिवरे बाजार ग्राम में हुए विकास की किताब लेकर आए। अब इस किताब के आधार पर वे अपनी अपनी ग्राम पंचायतों का विकास करने का प्रयास करेंगे।
दो दिन अन्ना हजारे के गांव रुके थे, अन्ना हजारे की पाठशाला में शामिल हुए
अन्ना हजारे पाठशाला सरपंच और सचिव दो दिन अन्ना हजारे के गांव में रुके। इस दौरान अन्ना हजारे की पाठशाला में शामिल हुए। पहले सरपंच और सचिवों ने अन्ना हजारे का सम्मान किया। फिर गांव को विकास की धारा से जोड़ने के तौर तरीके जाने। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा कि पहले हमें अपने गांव को बदलना चाहिए। जब गांव में सुधार होगा तो विकास की राह खुलेगी। बड़ागांव खुर्द के सरपंच सरदार सिंह ने बताया कि हम लोगों ने यहां आकर ग्राम पंचायतों की हर एक नई योजना देखी है। पहले रालेगण सिद्धि को देखा। इसके बाद अहमद नगर जिले का आदर्श ग्राम हिवरे बाजार देखने पहुंचे। यहां के लोगों का काम करने का तरीका अलग है । सरपंच सरदार ने बताया कि गांव में गुटखा, तंबाकू नहीं मिलता। पूरे गांव में बेहतर सफाई व्यवस्था देखने को मिली।












Click it and Unblock the Notifications