ग्वालियर: रेफ्रिजरेटर का कंप्रेसर फटने से घर की दीवार गिरी, चार लोगों की मौत
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रेफ्रिजरेटर का कंप्रेसर फटने से एक मकान की दीवार गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा ग्वालियर के दर्पण कॉलोनी में हुआ है।

शुक्रवार देर रात ग्वालियर के दर्पण कॉलोनी में स्थित अंतराम के पड़ोस के एक मकान में रेफ्रिजरेटर का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद उस मकान की दीवार पड़ोस के मकान पर जा गिरी। जिससे पड़ोस के मकान में सो रहे एक ही परिवार के नौ लोग मलबे में दब गए। घटना में मकान मालिक सहित परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

मलबे में दबने से अंतराम उनकी पत्नी उमा, दो बेटियां खुशी और कशिश की मौत हो गई। जबकि परिवार के पांच अन्य लोगों को मामूली चोटे आई हैं। धमाका होते ही आसपास के लोगों ने थाटीपुर पुलिस को खबर दी और बचाव कार्य में जुट गए। थोड़ी ही देर में लोगों ने पुलिस की मदद से परिवार के 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक पड़ताल के बाद पुलिस का कहना है कि अंतराम के पड़ोस में बंद पड़े मकान के ऊपर के माले में रखे फ्रिज में ही गैस लीक और धमाका होने के बाद पूरा हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications