जुलाई में धान किसानों को बोनस देगी सरकार, डिंडौरी में रोड शो के दौरान CM मोहन यादव ने कहा
MP News: लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव डिंडौरी पहुंचे। यहां रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने धान किसानों के लिए बड़ी घोषणा की। सीएम यादव ने कहा कि आचार संहिता समाप्त होने के बाद जुलाई माह में प्रदेश सरकार उपार्जन केंद्रों में धान बेचने वाले किसानों को बोनस देने जा रही है।
खबर के मुताबिक, पुरानी डिंडौरी कंपनी चौक से रोड शो शुरू हुआ, जो नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए बस स्टैंड पहुंचा। रोड शो में जगह-जगह सीएम यादव पर फूल वर्षा कर स्वागत किया गया। बस स्टैंड में सभा के दौरान नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को वोट देने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में जरूरतमंद मरीजों को एयर एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की सलाह और कलेक्टर की अनुमति से जरूरतमंदों को इलाज के लिए प्रदेश सरकार के खर्चे में एयर एंबुलेंस से बड़े अस्पताल तक भेजना का प्रबंध किया जाएगा।
इतना ही नहीं, जरूरत मंद व्यक्ति का एक पैसा भी इलाज में खर्च नहीं होगा। सीएम यादव ने डिंडौरी में आयुर्वेदिक कालेज खुलने की घोषणा भी फिर से दोहराते हुए कहा कि इस पर चुनाव बाद कार्य शुरू हो रहा है। बता दें कि सभा में महाभारत सीरियल में द्रोणाचार्य की भूमिका निभाने वाले कलाकार सुरेंद्र पाल भी शामिल हुए।
सीएम यादव ने इस दौरान कहा कि आदिवासी गौरव के साथ श्री रामचंद्र जी की गाथा को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि बच्चे देश का गौरवशाली इतिहास को जाने। उन्होंने कहा कि मोदी जी की सरकार श्रीराम जी के आशीर्वाद से चल रही है। उनके पास कोई मकान नहीं है, लेकिन वे करोड़ों जरूरतमंद लोगों को पक्का मकान देने का काम कर रहे हैं।









Click it and Unblock the Notifications