शिवराज सिंह पर भड़के दिग्विजय, बोले- ओबीसी आरक्षण कम करने के लिए आपको शर्म आनी चाहिए
भोपाल, 21 मई: कांग्रेस सांसद और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ओबीसी आरक्षण को लेकर राज्य की शिवराज सिंह के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा की वजह से पिछड़ा वर्ग को जो 27 फीसदी आरक्षण मिल रहा था, वो घटकर 14 फीसदी रह गया है। सीएम शिवराज सिंह इसे उपलब्धि की तरह दिखा रहे हैं जबकि उनको इस पर शर्मिंदा होना चाहिए।

शनिवार को दिग्विजय सिंह ने कहा, मध्य प्रदेश में साल 94 से पिछले पांच चुनावों में पिछड़ा वर्गों को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलता रहा था। भाजपा की नीयत ना पिछड़ा वर्गों के प्रति साफ है और ना ही अनुसूचित जनजाति के लिए। जानबूझकर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। 48-49 फीसदी पिछड़ा वर्गों के पद खत्म हो गए हैं। 27 फीसदी आरक्षण को कम करके इस सरकार ने 14 प्रतिशत कर दिया है। ये इसे भी उत्सव की तरह से मना रहे हैं। मुख्यमंत्री अपना सम्मान करवा रहे हैं। जबकि मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए क्योंकि उन्होंने पिछड़ा वर्ग के साथ धोखा किया है।
दिग्विजय सिंह ने कहा, भाजपा की मंशा ओबीसी के प्रति ठीक नहीं है। वे संविधान का पालन नहीं कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आरक्षण 50 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होना चाहिए। इसका मतलब है कि अन्य वर्गों के लिए 16 और 20 प्रतिशत आरक्षण को कम नहीं कर सकते। दिग्विजय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार से सवाल किया कि पिछड़ों के आरक्षण के लिए केंद्र सरकार कानून क्यों नहीं लाती है।












Click it and Unblock the Notifications