ईवीएम की रखवाली के लिए पत्नी के साथ पहुंचे दिग्विजय सिंह, स्ट्रॉन्ग रूम के सीसीटीवी कैमरे में दिखा गलत टाइम
Digvijay Singh Controversy: मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह सोमवार को खुद ही ईवीएम की चौकीदारी करने पहुंच गए।
गुना में ईवीएम मशीनों की पहरेदारी के लिए गुना लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी यादवेन्द्र सिंह के साथ दिग्विजय सिंह अचानक स्ट्रांग रूम पहुंचे। उनके साथ में उनकी पत्नी अमृता राय भी मौजूद रही।

दिग्विजय सिंह ने चाचौड़ा, गुना,बमोरी, राघोगढ़ के स्ट्रांग रूम का बारीकी से अवलोकन किया। दिग्विजय सिंह ने तीसरे चरण के मतदान को लेकर कहा कि इलेक्शन काफी अच्छे रहे थे। लोगों का गुस्सा अब निकलकर सामने आने लगा है।
दिग्विजय सिंह जब राघोगढ़ सेंटर के स्ट्रांग रूम में पहुंचे तो सीसीटीवी कैमरे में गलत दिनांक देखकर चौंक गए। दिग्विजय सिंह की पत्नी ने भी कैमरे की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए. दरअसल जो सीसीटीवी कैमरे राजगढ़ लोकसभा सीट के राघोगढ़ केंद्र पर लगे थे, उसमें वर्तमान तारीख चार जून दिखाई दे रही थी। इस मामले को लेकर दिग्विजय सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की। दिग्विजय सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी से स्ट्रांग रूम को लेकर सवाल किए।
दिग्विजय सिंह ने औपचारिक चर्चा में जानकारी दी कि ईवीएम मशीन से पहले बैलेट बॉक्स में वोट डाले जाते थे। पहले चुनाव के तीन दिन में काउंटिंग हो जाती थी। अब दो महीने बाद होती है। इसलिए स्ट्रांग रूम की चौकीदारी करनी पड़ती है। सीसीटीवी कैमरे के वीडियो में टाइम गलत मिली थी, जिस पर दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई।
इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि दिग्विजय सिंह ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया था। सीसीटीवी की तारीख को लेकर शिकायत की है। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी सतेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव कार्य निष्पक्षता से किये जा रहे हैं। सीसीटीवी में सुधार कर दिया जाएगा। स्ट्रांग रूम को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जा रही है। सुरक्षा बल भी तैनात हैं।












Click it and Unblock the Notifications