Shivraj News: धूलकोट में CM शिवराज को बहनों ने अपने हाथों से खिलाई घर की बनी मक्का की रोटी और टमाटर की चटनी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को भाजपा प्रत्याशियों, नेपानगर से मंजू राजेन्द्र दादू, धरमपुरी से कालू सिंह ठाकुर और महेश्वर विधानसभा क्षेत्र से राजकुमार मेव के समर्थन में विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर जमकर निशाना साधा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में फिर से प्रियंका गांधी आई हैं और फिर से झूठ की दुकान सज रही है। मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी से कई सवाल भी पूछे और कहा कि अगर साहस है तो मैडम प्रियंका सवालों का जवाब दें और स्वीकार करें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जो वचन-पत्र जारी किया था, वह झूठा था। सीएम शिवराज ने कहा कि कांगेस को भगवान राम और राम मंदिर से तकलीफ है। भगवान राम के होर्डिंग हटवाने वाले कांग्रेसियों, लोगों के दिलों से भगवान राम को कैसे निकालोगे।

बहनों ने भैया शिवराज के लिए घर से खाना बनाकर लाया, हाथ से खिलाया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नेपानगर के धूलकोट में सभा स्थल पर बारेला समाज की बहनों के साथ नीचे बैठकर चटनी-रोटी खाई। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि आज बहनों ने अद्भुत स्वागत किया है। मैं मंच पर आ रहा था इसके पहले ही बहनों ने कहा कि, "भैया घर से मक्के की रोटी, भाजी और टमाटर की चटनी लेकर आए हैं वो खाकर जाना पड़ेगा।"
सीएम ने कहा कि मैं बहनों के साथ ही नीचे बैठा और चटनी, भाजी और मक्के की रोटी खाई। स्वर्ग में देवता भी क्या ऐसे ही भोजन करते होंगे जो आज अपनी बहनों ने शिवराज को कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोजन में मेरी बहनों का प्यार मिला था, मेरा जीवन धन्य हो गया है। मैं वचन देता हूं कि, जब तक प्राण हैं बहनों के विश्वास को टूटने नहीं दूंगा।

स्कूटी वाली बेटी के घर मुख्यमंत्री ने पी चाय
मुख्यमंत्री शिवराज धार जिले के सुंद्रेल में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान एक बेटी (वर्षा) ने मंच पर आकर मुख्यमंत्री शिवराज से कहा कि, उसने 12वीं कक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की है और आपकी ओर से उसे स्कूटी प्रदान की गई है। छात्रा ने मुख्यमंत्री को अपने घर पर चाय का निमंत्रण दिया। मामा शिवराज सिंह चौहान ने भी बेटी के मनोभावों को समझकर निमंत्रण स्वीकार किया और सभा समाप्त होने के बाद बेटी के घर पहुंचे और वर्षा के परिवार जनों के साथ बैठकर चाय पी और बेटी वर्षा की मां से राखी भी बंधवाई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चाय इतनी स्वादिष्ट है कि, मैं वर्णन नहीं कर सकता, क्योंकि इसमें मेरी बहन का प्रेम मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि, मैं अत्यंत प्रसन्न हूं, इस बेटी के पिता नहीं है लेकिन मैं मामा हूं। मां ने मेहनत-मजदूरी करके पढ़ाया है। मेरा संकल्प यही है कि, मेरी ऐसे बेटा-बेटियां जो गरीब परिवार में जन्में हैं उन्हें पढ़ाई से वंचित नहीं रहने दे सकता। बच्चों के सपनों को मरने नहीं दिया जाएगा। सभी बेटा-बेटी आश्वस्त हो जाएं कि, मामा हमेशा उनके साथ है।
साहस है तो इन सवालों के जवाब दें प्रियंका गांधी
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि, प्रियंका गांधी में साहस है तो इन सवालों के जबाव दें कि, गरीब बैगा, भारिया, सहरिया बहनों को जो 1000 रूपए देते थे, कमलनाथ ने क्यों बंद किया। कांग्रेस ने संबल योजना क्यों बंद की, गरीब बहनों के पैसे देना क्यों बंद कर दिए। बेटा-बेटी के जन्म के समय मिलने वाले 12,000 रूपए क्यों बंद किए। बच्चों के लैपटॉप क्यों बंद कर दिए। बेटियों की शादी तो करवा दी, लेकिन उनके पैसे क्यों रोके। बुजुर्गों की तीर्थ दर्शन योजना क्यों बंद की। किसान सम्मान निधि की राशि के लिए किसानों की सूची प्रधानमंत्री जी को क्यों नहीं भेजी। गरीबों के मकान जो प्रधानमंत्री जी ने भेजे थे, वापस क्यों कर दिए। एक और बड़ा अपराध किया 2019 में जल जीवन मिशन लागू हुआ, हर गांव में हर घर में टोटी वाला नल लगाकर जल देने के लिए आपने महिलाओं के साथ अन्याय किया और योजना का कार्य शुरू नहीं कराया। कांग्रेस सरकार ने जल जीवन मिशन में कार्य शुरू ही नहीं किया क्यों। आपने कहा था 4000 रूपए बेरोजगारी भत्ता देंगे, एक पैसा भी नहीं दिया। युवाओं को फिर ठगने आ रहे हो। सबका कर्ज माफ करने का वादा किया था लेकिन वो भी नहीं किया। इन सवालों के जवाब दें प्रियंका गांधी जी और कांग्रेस।












Click it and Unblock the Notifications