Dewas News: कलेक्टर की टेबल पर रख दी शराब की बोतलें, शिवसेना नेताओं की शिकायत से हर कोई हैरान
Dewas News: मध्य प्रदेश के कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया है।शिवसेना के नेताओं ने कलेक्टर ऋषभ गुप्ता के सामने उनके टेबल पर शराब की बोतले रखकर हैरान कर दिया है।
शराब की बोतलें रखकर अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायत की है। साथ ही बिल दिखाकर एमआरपी से ज़्यादा दाम वसूलने का आरोप लगाया। कलेक्टर ने तुरंत मामले की जांच के आदेश दिए।

हर मंगलवार को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में जनसुनवाई का आयोजन होता है। इसी कड़ी में देवास कलेक्टर कार्यालय में हो रही जनसुनवाई में शिवसेना नेता अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि देवास में शराब दुकानों द्वारा एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब विक्रय की जा रही है।
शिकायत की गंभीरता से लेते हुए, कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने तुरंत आबकारी विभाग के अधिकारी को बुलाया और शिवसेना नेताओं को सारी जानकारी और सबूत उन्हें सौंपने को कहा। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनके पास अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने के सभी सबूत हैं, यहां तक कि वीडियो भी है।
शिकायत सुनने के बाद आबकारी विभाग के अधिकारी ने मामले की जांच करने और जल्द से जल्द कार्रवाई करने का विश्वास दिलाया है। शिवसेना नेताओं ने कहा कि यहां ओवररेट में शराब बेची जा रही है। शिवसेना नेताओं का यह आरोप शराब की बिक्री करने वाले दुकान मालिकों पर है।
अब जांच के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि उनकी शिकायतों की सच्चाई क्या है। वहीं, कलेक्टर की टेबल पर शराब की बोतल देखकर जनसुनवाई में आए लोग भी हक्के बक्के रह गए थे।












Click it and Unblock the Notifications