MP News: अशोकनगर की घटना पर CM मोहन यादव का एक्शन, टीआई सस्पेंड व SP पर भी होगा एक्शन
MP Ashoknagar News: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पूरे चरण हो जाने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा की मोहन सरकार एक बार फिर एक्शन में नजर आ रही है। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने अशोकनगर में हुई घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही।
अशोक नगर में एक युवती और उसके परिजनों के साथ हुई मारपीट के मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने घटना में लापरवाही को देखते हुए अशोक नगर एसपी पर अनुशासनात्मक कार्यवाही और थाना प्रभारी को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।

सीएम यादव ने शुक्रवार को अचानक पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अफसरों की बैठक बुलाई, और कानून व्यवस्था के पालन में हो रही ढिलाई को सुधारने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का पालन कराने के लिए पुलिस को खुली छूट है। अपराधियों को छोड़ो मत, प्रदेश को भय मुक्त माहौल दो।
बैठक में सीएम मोहन ने कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की, और पिछले दिनों हुई गंभीर घटनाओं के सम्बंध में अफसरों से सवाल-जवाब भी किए। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था में कसावट लाने के निर्देश देते हुए कहा कि हर घटना के बाद आरोपियों पर एक्शन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
सामान निकालकर ढहाया आरोपी का घर
उसी समय, नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम आरोपी के घर पहुंची। यहां ताला लगा था। टीम ने बेदखली का नोटिस चिपकाया, फिर ताला तोड़कर सामान बाहर निकाला। इसके बाद बुल्डोजर चलाकर घर को तोड़ दिया। एसडीएम अनिल बनवारिया, तहसीलदार शालिनी भार्गव, एसडीओपी विवेक शर्मा समेत दो थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। आरोपी का 20 बाई 30 का मकान एक मंजिल तक पक्का बना था, जबकि दूसरी मंजिल पर टीन सेट था।
क्या हैं अशोक नगर का मामला
अशोकनगर में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म कर एक लड़के ने वीडियो बनाया और उसे बदनाम किया। फिर लड़की का रिश्ता कहीं और तय होने पर साथियों के साथ तलवारें लहराते हुए लड़की को बुधवार शाम 6 बजे घर से उठा लिया। विरोध करने पर लड़की के पिता का एक पैर और भाई का एक हाथ तोड़ दिया, मां को भी बुरी तरह पीटा।
लड़की और परिजन के चीखने पर मोहल्ले की भीड़ इकट्ठा हो गई। शुरू में आरोपियों ने मोहल्ले वालों को भी धमकाया। बाद में बढ़ती भीड़ देखकर आरोपी लड़की को छोड़ भाग खड़े हुए। लड़की के परिजन और उससे सगाई करने वाले परिवार को भी धमकी दी। इस दौरान आरोपी तलवारें और लोहे की रॉड लहराते रहे।
कानून व्यवस्था को लेकर गलत जानकारी हो तो भी लें एक्शन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र की घटनाओं के संबंध में अपडेट रहकर आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने संभाग स्तर पर कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों को सौंपे दायित्व की समीक्षा की और उनकी भूमिका के संबंध में भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार फील्ड अधिकारी रात्रि विश्राम भी करें और पूरे प्रदेश में शांति और सद्भाव का वातावरण बनाए रखने के लिए सभी तत्पर हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर घटनाओं पर अधिकारी तत्काल कदम उठाएं।












Click it and Unblock the Notifications