Shivpuri News: डॉक्टर है या हैवान! दर्द से तड़पते मरीजों को मारे जूते-थप्पड़; इस वजह से हुआ था आगबबूला
Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के एक डॉक्टर का एक वीडियो वायरल है। दर्द से कराहते मरीज को एक डॉक्टर पीट रहा है। मरीज को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अस्पताल लाया गया था।
डॉक्टर ने तीन घायलों को थप्पड़ मारे और जूते से पीटा। डॉक्टर CM हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने से खफा था। रविवार को नाराज लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। वे डॉक्टर पर FIR की मांग कर रहे थे।

हंगामा बढ़ने के बाद खोड़ चौकी पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गुईया देवरी गांव के चंदन जाटव, गौरव जाटव और भानु प्रताप जाटव बाइक से जाते समय घायल हो गए थे। इस मामले में डॉक्टर ने तीनों घायलों पर अस्पताल में हंगामा कर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
दरअसल रात में चंदन जाटव, गौरव जाटव और भानु प्रताप जाटव सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इसमें तीनों घायल 108 एम्बुलेंस की मदद से खोड़ गांव के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। आरोप हैं कि घायलों के उपचार के लिए प्रभारी डॉक्टर अनुराग तिवारी को कई बार बुलाने के बाद भी वो नहीं आए थे। जिसके बाद घायलों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा दी थी। जब डॉक्टर तिवारी को इस बात का पता लगा तो उन्होंने अस्पताल में पहुंचकर थप्पड़ मारे और जूते बरसा दिए।
इस मामले में डॉक्टर अनुराग तिवारी का कहना हैं कि 31 जुलाई की रात तीन घायल अस्पताल पहुंचे थे। तीनों शराब के नशे में थे। तीनों का उपचार भी किया गया था। लेकिन तीनों जच्चा-बच्चा वार्ड में घुस कर पलंग पर लेट गए थे साथ ही हंगामा भी कर रहे थे।
तीनों को जैसे ही वार्ड से बाहर निकाला तो तीनों ने इलाज के लिए इस्तेमाल करने वाली कैंचियों को उठाकर हमले का प्रयास किया था।वे जच्चा-बच्चा वार्ड में लेटने की जिद कर रहे थे। इसी दौरान यह घटना क्रम हो गया।
वही जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. संजय रिषेश्वर का कहना हैं कि मारपीट के वीडियो की जांच टीम द्वारा कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। भौंती थाना गीतेश शर्मा का कहना हैं कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया हैं।












Click it and Unblock the Notifications