MP News: क्रिसमस पर स्कूलों को चिट्ठी, अभिभावकों की इजाजत के बिना स्टूडेंट्स को ना बनाएं सांता क्लॉज
Madhya Pradesh News: 25 दिसंबर को आने वाले क्रिसमस त्यौहार से पहले मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक नया फरमान जारी हुआ है। शिक्षा विभाग ने आदेश दिया है कि ईसाई पर्व के मौके पर छात्रों को सांता क्लॉज बनाने से पहले निजी विद्यालयों को पेरेंट्स से लिखित अनुमति लेनी होगी।
दरअसल, क्रिसमस के त्योहार पर विद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थी भाग लेने के लिए सांता क्लॉज का रूप धारण कर लेते हैं। लेकिन शाजापुर जिला शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी कर सभी अशासकीय संस्थाओं को निर्देशित किया है कि आगामी समय में निजी विद्यालयों को क्रिसमस त्यौहार पर, छात्रों को सांता क्लॉज की वेशभूषा में ढालने से उनके माता-पिता से लिखित में परमिशन लेनी होगी।

जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे के नाम से जारी पत्र में कहा गया है कि यदि कोई स्कूल संचालक बिना माता-पिता की अनुमति के किसी भी बच्चे को सांता क्लॉज की वेशभूषा में कार्यक्रम में भाग दिलाता है, तो संबंधित स्कूल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग का यह आदेश जिले के सभी निजी विद्यालयों के लिए जारी किया गया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग का कहना है कि आयोजन में त्यौहार विशेष की वेशभूषा पहनाकर बच्चों को जबरदस्ती बनाया जाता है। जिससे अप्रिय स्थिति बन जाती है। इसी के चलते यह पत्र जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications