‘मुख्यमंत्री...भूलने में वक्त लगेगा, खुद को मुख्यमंत्री बोल मंच पर हंस पड़े शिवराज सिंह चौहान
Shivraj Singh Chauhan: नई दिल्ली में आईसीएमआर (ICMR) के कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संबोधन अब चर्चा में है। इस दौरान उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री कहकर संबोधित कर दिया लेकिन तुरंत वह ठहर गए।
हंसते हुए शिवराज ने कहा कि 20 साल तक मुख्यमंत्री रहा हूं, शायद इसलिए आदत को सुधारने में थोड़ा समय लगेगा। इस दौरान हॉल में मौजूद अधिकारी ठहाके मारकर हंसने लगे। संबोधन के अंत में शिवराज खुद हंस पड़े और कहा कि मैं खुद को बार-बार सीएम बोल रहा हूं, आदत धीरे-धीरे बदल जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान शिवराज चौहान ने कहा, ''मैं सूची बनवा रहा था कि और किस किस से मिलूं? आप सबसे बात करना चाहता हूं क्योंकि सीएम को हर विषय़ की जानकारी नहीं होती।" इतना बोलते ही शिवराज को समझ आया कि वो अब कृषि मंत्री हैं। फिर उन्होंने आगे कहा, ''सीएम नहीं कृषि मंत्री।
चार बार का मुख्यमंत्री रहा हूं। बीस-इक्कीस साल रहा हूं तो कुछ दिन तो लगेंगे भूलने में। वहां भी मुझे गुमान नहीं था कि हम ही सबकुछ जानते हैं।"
कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ''हमें कृषि को आगे ले जाना है और किसानों का कल्याण सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन ही हमारा मिशन है। जिस दिन से मैं कृषि मंत्री बना हूं, दिन-रात यही सोचते रहते हैं कि इसे बेहतर कैसे किया जाए।" शिवराज ने कहा कि हम मिलकर कोई ऐसा रोड मैप बना लें, जिसपर चलकर न केवल भारतीय कृषि और किसान का कल्याण हो सके बल्कि हम भारत को विश्व का फूड बास्केट बना दें। दुनिया को अन्न खिलाए और एक्सपोर्ट करें।
किसानों के हित की बात करते हुए शिवराज ने कहा, "हमारे यहां 86% किसान स्मॉल मार्जिनल किसान हैं। हमको खेती का मॉडल ऐसा बनाना पड़ेगा कि किसान एक हेक्टेयर तक की खेती में अपनी आजीविका ठीक से चला सकें। कृषि के परिदृश्य को पूरी तरह से बदलना मेरी जिद है। मैं किसान और विज्ञान को जोड़ना चाहता हूं।
फिर से मुख्यमंत्री न बनने की टीस मन में
अब शिवराज केंद्र में कृषि मंत्री हैं। लेकिन फिर से सीएम न बन पाने की टीस लगता है शिवराज के मन में अभी भी है। शायद इसी टीस के कारण वह कार्यक्रम में खुद को सीएम के रूप में प्रदर्शित करते हैं। ये भूलने की बीमारी है, इसे कोई मानने को तैयार नहीं होगा। शिवराज से जैसा सियासत का खिलाड़ी खुद भूल नहीं सकता, सामने वाले को भुलवा देगा।












Click it and Unblock the Notifications