Datia में खूनी संघर्ष में बदला मवेशी विवाद, दनादन गोलियों से गूंजा पूरा गांव, 5 की मौत कई घायल
Datia: मध्य प्रदेश के दतिया में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। धान के खेत में मवेशी घुस जाने पर उपजा विवाद इतना हिंसक हो गया कि फायरिंग और हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। इलाके में तनाव के हालात बन गए, जिसके बाद भारी संख्या में पहुंची पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
घटना दतिया के रेंडा गांव में हुई। जहां पाल और दांगी समाज के लोग आमने सामने आ गए। विवाद इतना गहराया कि एक ओर से दनादन फायरिंग होने लगी। दोनों पक्षों के बीच इस खूनी संघर्ष में पांच लोगों को अपनी जान गंवाना पड़ा, जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग बुरी तरह घायल हो गए।
एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक मृतकों में एक ही परिवार के पिता-पुत्र और भाई शामिल हैं। गांव में लगभग आधे घंटे फायरिंग होती रही। मवेशी घुस जाने को लेकर प्रकाश दांगी का गांव के ही प्रीतम पाल से विवाद हुआ था। वारदात में प्रकाश दांगी पुत्र भैयालाल, उसका पुत्र सुरेंद्र दांगी और भाई रामनरेश दांगी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष पाल समाज के दो लोगों में राजेंद्र पाल और राघवेंद्र पाल की मौत हुई है।

घटना के बाद गांव में तनाव पूर्ण स्थिति बन गई। जिसकी खबर लगते ही पुलिस बल पहुंचा, तब तक दोनों पक्षों से कई हमलावर फरार हो गए। घटना में दो घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई हैं। पुलिस के मुताबिक़ दो दिन पहले भी दोनों पक्षों में बहस हुई थी। बाद में समझौते की भी स्थिति बनी, लेकिन एक पक्ष के लोग बाद में फिर भड़क गए। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा समेत कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया हैं। आपको बता दें कि कुछ महीने पहले मुरैना में भी इसी तरह दो पक्षों के बीच विवाद में 6 लोगों की हत्या हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications