MP news: टीआई अरविंद कुजूर की रहस्यमय मौत के मामले में उनकी कथित प्रेमिका आशी राजा को पुलिस ने हिरासत में लिया
MP News: छतरपुर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर की रहस्यमय मौत के मामले में पुलिस ने उनकी कथित प्रेमिका आशी राजा को हिरासत में लिया है। आशी राजा से पूछताछ जारी है, हालांकि अभी तक पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गुरुवार शाम को अरविंद कुजूर ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास सागर ले जाया गया। शव को देखकर उनकी पत्नी भावुक हो गईं और सिर रखकर रोने लगीं।

इस मार्मिक दृश्य को देखकर डीआईजी ललित शाक्यवार भी भावुक हो गए। सागर पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शोक सभा में डीआईजी ललित शाक्यवार, एसपी अगम जैन, एएसपी विक्रम सिंह, सीएसपी अमन मिश्रा और छतरपुर विधायक ललिता यादव समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
पुलिस ने इस मामले की जांच प्रेम प्रसंग के एंगल से शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, अरविंद कुजूर आशी राजा को एक कार भी गिफ्ट कर चुके थे। आशी राजा को गुरुवार देर रात पुलिस लाइन के पास सैफरन लॉज इलाके से हिरासत में लिया गया। पुलिस इस मामले में कई पहलुओं पर जांच कर रही है।

डीआईजी ललित शाक्यवार ने कहा कि अरविंद कुजूर पिछले सवा साल से छतरपुर सिटी कोतवाली में पदस्थ थे। उन्होंने एसपी से छुट्टी मांगी थी, जिसे स्वीकृति भी मिल गई थी। पुलिस का मानना है कि वे किसी मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे।
इस बीच, पुलिस ने अरविंद कुजूर का मोबाइल और उनकी सर्विस रिवॉल्वर जब्त कर ली है और इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दो बेटियों समेत पत्नी सागर में रहती है
टीआई कुजूर का परिवार गुरुवार देर रात छतरपुर पहुंचा। उनके छोटे भाई अलमजोर कुजूर ने बताया कि रात में भाई की मौत की जानकारी मिली थी। भाभी, फूफा और अन्य 4 लोग आए हैं। माता-पिता भी छत्तीसगढ़ से सागर पहुंच गए हैं।
कुजूर की दो बेटियां हैं। बड़ी 12 साल जबकि छोटी 8 साल की है। दोनों अपनी मां के साथ सागर में ही रहती हैं। अरविंद कुजूर छतरपुर की पेप्टेक कॉलोनी के 12 नंबर मकान में रहते थे। यहां उनके अलावा एक नौकर प्रदीप भी था।
खुदकुशी से पहले किसी से फोन पर बात की
अरविंद कुजूर ने गुरुवार शाम करीब 6.40 बजे छतरपुर के पेप्टेक टाउन स्थित अपने आवास में सुसाइड किया था। उन्होंने अपने सिर के दाहिने ओर से कनपटी में एक गोली मारी थी। उनकी बॉडी कमरे के गेट से टिकी हुई मिली थी। उस समय घर पर टीआई का केयर टेकर प्रदीप अहिरवार मौजूद था।
इससे पहले वे किसी से फोन पर बात कर रहे थे। कह रहे थे कि मैं खुद को गोली मार लूंगा। इसके बाद उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया। प्रदीप ने कई बार गेट खुलवाने की कोशिश की लेकिन दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद प्रदीप ने सिटी कोतवाली थाने में फोन लगा कर जानकारी दी। सबसे पहले सिटी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटना की जानकारी एसपी को दी।












Click it and Unblock the Notifications