जिला पंचायत: भाजपा का पलड़ा भारी, 19 भाजपा समर्थित तो 6 कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीते
सागर,15 जुलाई। मप्र के सागर में जिला पंचायत चुनाव में भाजपा का कब्जा बरकरार रहा। 26 वार्ड में से 19 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीतकर आए हैं। कांग्रेस समर्थितों में 6 का नाम सामने आ रहा है, वहीं एक निर्दलीय है, जो किसी पार्टी से नहीं जुडा है। इधर मप्र के इकलौते निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य बने परिवहन मंत्री के भाई हीरासिंह को अभी तक अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था, लेकिन निर्वाचितों में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव समर्थितों की जीत ने रोढे अटका दिए है। वहीं गोविंद के भतीजे के चुनाव हार जाने से भी पेंच फंसा नजर आ रहा है।

मप्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत शुक्रवार को चुनाव की प्रक्रिय लगभग पूरी हो गई, अब केवल जिला पंचायत, जनपद पंचायत अध्यक्षों का चुनाव व शपथग्रहण बाकी है। जिला पंचायत सदस्य के 26 पदों के लिए हुए निर्वाचन में आज सारणीकरण के बाद अधिकृत परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, हालांकि इनमें से 21 परिणाम पहले ही सामने आ गए थे। इस बार सर्वाधिक 7 युवा ऐसे उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कराई है जिनकी उम्र 30 वर्ष से भी कम है। तो वहीं 60 से अधिक उम्र के भी 6 प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं।

जिपं के 21 वार्ड के परिणाम पहले ही घोषित हो गए थे
जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए हुए निर्वाचन के बाद शुक्रवार को हुए सारणीकरण में चुने गए 26 सभी प्रत्याशियों के अधिकृत रिजल्ट घोषित प्रशासन द्वारा घोषित कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि तीन चरणों में हुए निर्वाचन में मतदान के बाद हुई मतगणना के साथ ही 21 सदस्यों के परिणाम तो पहले ही लगभग तय हो चुके थे। खुरई और केसली के दो-दो एवं वार्ड क्रमांक 22 के परिणाम अनिश्चित थे जो आज घोषित कर दिए गए। 26 सदस्यीय जिला पंचायत में भाजपा का पलड़ा भारी रहा है, करीब 19 भाजपा समर्थित सदस्य निर्वाचित हुए हैं तो कांग्रेस समर्थित 6 सदस्य चुनाव जीते हैं।
इस दफा सबसे युवा जिला पंचायत परिषद
इस बार जिला पंचायत में 7 उम्मीदवार ऐसे चुने गए हैं जिनकी उम्र 30 वर्ष से कम है। उसमें भी सबसे युवा उम्मीदवार वार्ड क्रमांक 5 से सर्वजीत सिंह लोधी हैं जो 22 वर्ष की उम्र में ही जिपं सदस्य बन गए। ऐसे ही नवनिर्वाचित सदस्यों में छह सदस्य 60 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। जिला पंचायत सदस्यों के अधिकृत परिणाम सामने आने के बाद अब सबकी निगाहें जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव पर टिक गई हैं। उल्लेखनीय है कि सागर जिपं अध्यक्ष पद अनारक्षित है। 26 सदस्यीय जिला पंचायत में पांच पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थे, लेकिन अधिकृत परिणामों के बाद ओबीसी वर्ग के करीब 10 से अधिक सदस्य निर्वाचित हुए हैं। नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों में वार्ड क्रमांक-3 से जीतीं शारदा खटीक चौथी बार जिपं सदस्य निर्वाचित हुई हैं। श्रीमती खटीक पूर्व में वार्ड क्रमांक-2 से भी सदस्य बन चुकी हैं, साथ ही वह जिपं सदस्य के पूर्व रजाखेड़ी पंचायत की सरपंच भी रह चुकी हैं। ऐसे ही वार्ड क्रमांक 25 से सदस्य बने गुलाबचंद गोलन की सदस्य के रूप में यह हैट्रिक है।
यह युवा सदस्य जिला पंचायत सदस्य
जिला पंचायत सदस्य पद पर सात प्रत्याशी 30 वर्ष से कम उम्र के निर्वाचित हुए हैं, जिनमें वार्ड क्रमांक-5 से सर्वजीत सिंह लोधी 22 वर्ष, वार्ड क्रमांक-8 से अर्पणा भोले यादव 23 वर्ष, वार्ड क्रमांक-10 ज्योति पटेल 29 वर्ष, वार्ड क्रमांक-11 रानी पटेल 29 वर्ष, वार्ड क्रमांक-15 भारती गौड़ 26 वर्ष, वार्ड क्रमांक-21 खुशीलाल पुरैना 28 वर्ष एवं वार्ड क्रमांक-26 सुमन देवी लोधी 23 वर्ष निर्वाचित हुई हैं।
60 वर्ष से अधिक उम्र के जिपं सदस्य
जिला पंचायत सदस्य पद पर 60 से अधिक उम्र वालों में सर्वाधिक 69 वर्षीय तुलाराम अहिरवार वार्ड क्रमांक-16 से एवं हीरा सिंह राजपूत 65 वर्ष निर्विरोध, वार्ड क्रमांक-22 से विमला जैन 66 वर्ष एवं 25 से गुलाबचंद गोलन 66 वर्ष, वार्ड क्रमांक-3 से शारदा खटीक 63 वर्ष और वार्ड क्रमांक-6 से उर्मिला श्रीवास्तव 62 वर्ष जिपं सदस्य निर्वाचित घोषित हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications