भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने ममता बनर्जी को कहा कलंकिनी, ताड़का
भोपाल, 6 मई: मध्य प्रदेश के भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपशब्द कहे हैं। प्रज्ञा ठाकुर ने ट्वीट करते हुए ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले की जिम्मेदार कहते हुए भाजपा के लोगों को हिंसा के लिए भी उकसाया है। साथ ही बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।

पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा को लेकर किया है ट्वीट
पश्चिम बंगाल में 2 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कई जगहों पर हिंसा हुई है। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि टीएमसी के लोग भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं। वहीं टीएमसी ने भाजपा पर हिंसा के आरोप लगाए हैं। इसी को लेकर बुधवार रात को भाजपा नेता प्रज्ञा ने ये ट्वीट किया है।

बंगाल में मुमताज लोकतंत्र
प्रज्ञा ठाकुर ने भाजपा और आरएसएस को टैग करते हुए किए अपने ट्वीट में लिखा है- 'मुमताज लोकतंत्र, हिंदुओं बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं की निर्मम, हत्या, बलात्कार। हे कलंकिनी.. बस्स्स् शठे शाठ्यम समाचरेत, टिट फॉर टैट करना ही होगा। राष्ट्रपति शासन और NRC बस यही उपाय हैं। संतो और वीरों की भूमि पर ताड़का का शासन हो गया। अब तो "राम" बनना ही होगा। जय श्री राम।'

प्रज्ञा के ट्वीट पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
प्रज्ञा ठाकुर के इस ट्वीट पर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। इस तरह से हिंसा उकसाने की बात कहने के लिए उनके ट्विटर अकाउंट को सस्पेंड करने की मांग भी कई लोगों ने की है। वहीं उनके इस ट्वीट पर मध्य प्रदेश कांग्रेस महासचिव (मीडिया) केके मिश्रा ने कहा कि कोरोना के कहर और लाशों के ढेर से बेखबर प्रज्ञा सिंह प्रकट हुई हैं तो ममता बनर्जी पर बात करते हुए। उनको बंगाल छोड़कर वह यह बताना चाहिए कि भोपाल में आज लोगों की क्या स्थिति है।












Click it and Unblock the Notifications