भाजपा सांसद का बड़ा बयान- महिलाएं ही करती हैं सबसे अधिक गंदगी
ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जिला अस्पताल के एक कार्यक्रम के दौरान मुरैना से भाजपा के सांसद अनूप मिश्रा ने महिलाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। सांसद अनूप मिश्रा ने स्वच्छता के विषय पर कहा कि महिलाएं सबसे ज्यादा गंदगी फैलाती हैं। उनके विवादित बयान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने कहा कि मैं सांसद की बात से सहमत नहीं हूं। महिलाएं सफाई पसंद होती हैं, और उन्हें उसके लिए आवश्यक संसाधन मिलने भी तो चाहिए।

दैनिक भास्कर में छपी खबर के मुताबिक भाजपा सांसद एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि आज की तेज रफ्तार लाइफस्टाइल में हम संस्कारों को भूल गए हैं। हम आसपास के परिवेश की सफाई तो करते हैं लेकिन झाडू लगाकर कचरे को बाहर सड़क पर फेंक देते हैं। महिलाएं घर के कचरे को पॉलीथिन में पैक कर उसे सड़क पर नाले-नालियों में फेंक देती हैं। दरअसल महिलाएं ही सबसे अधिक गंदगी करती हैं, इसलिए हमें खुद ही सफाई के लिए संस्कारित होने की जरूरत है।
हालांकि अनूप मिश्रा के बयान के बाद स्वच्छता कार्यक्रम में जब मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रूस्तम सिंह की बारी आई तो उन्होंने कहा कि वे सांसद जी की बात से सहमत नहीं हैं। महिलाएं तो सफाई पसंद होती हैं। मैं नहीं मानता कि महिलाएं गंदगी करती हैं। उनकी मजबूरी है कि उनके घर के बाहर, उनकी गली में और प्रमुख चौराहों पर नगरनिगम ने डस्टबिन ही नहीं रखे हैं। ऐसे में वे कचरे को पॉलीथिन में पैक कर इधर-उधर फेंकती हैं तो उनकी व्यवस्था है।












Click it and Unblock the Notifications