BJP विधायक को DFO पर आया गुस्सा, बोले-‘ठीक से काम करो नहीं तो मारूंगा जूता'
खंडवा में आम सभा के दौरान बीजेपी विधायक इतने तैश में गए कि उन्होंने भरी सभा में वन अधिकारी को जूतों से पीटने की धमकी दे डाली। मामला बुधवार का है। खंडवा जिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक में पौधों की सुरक्षा के मुद्दे पर खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा और वनमंडल अधिकारी एसके सिंह में विवाद हो गया। मामला इतना गर्मा गया कि विधायक जी गाली-गलौज पर उतर आए। उन्होंने डीएफओ एसके सिंह से कह डाला कि ढंग से काम करो नहीं तो पटककर जूते मारूंगा।

विधायक देवेंद्र वर्मा ने नागचून पर वन विभाग द्वारा 300 एकड़ में लगाए गए पौधों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पौधे सूख रहे हैं, जानवर खराब कर रहे हैं। चौकीदार तैनात करो। इस पर डीएफओ ने असमर्थता जताई और कहा कि पुराने कामों के ही भुगतान नहीं हो पाए हैं ऐसे में वे चौकीदार नहीं रख सकते हैं। भुगतान नहीं होने पर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत होती है। जवाब देना पड़ता है। रुपए आए बगैर सुरक्षा संभव नहीं है।
बातचीत के दौरान डीएफओ विधायक की ओर अंगुली कर बात कर रहे थे। इस पर विधायक को गुस्सा आ गया। उन्होंने कुछ डीएफओ से कहा- तुम हद में रहो, वरना यहीं गिराकर जूते मारूंगा। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि जवाब नहीं दोगे तो भी जूते मारूंगा। इस पर डीएफओ ने विधायक से तहजीब से बात करने के लिए कहा लेकिन उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि बैठक को ही समाप्त करना पड़ा।
विधायक से खरी-खोटी सुनने के बाद डीएफओ ने जिला पंचायत सीईओ डॉ. वरदमूर्ति के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की। हालांकि विधायक जी ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि मैंने वन अधिकारी के साथ किसी भी तरह के अपशब्द नहीं कहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications