BPCL रिफाइनरी में कैंटीन का भोजन करने से फूड पॉइजनिंग, कई कर्मचारी बीमार, SDM ने दिया नोटिस
बीना रिफाइनरी की कैंटीन में भोजन के बाद कई कर्मचारियों के बीमार पड़ने और भर्ती की जानकारी मिली है। रिफायनरी प्रबंधन ने जहां मौन साध लिया है, तो एसडीएम बीना ने इस मामले में नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।

BPCL: सागर के बीना में स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की बीना रिफाइनरी में कैंटीन में भोजन करने के बाद दर्जनभर से अधिक कर्मचारियों की तबियत बिगड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रबंधन ने यह जानकारी स्थानीय प्रशासन से छिपा ली। बीना एसडीएम शैलेंद्र सिंह तक मामला पहुंचने के बाद बीओआरएल को नोटिस देकर जवाब-तलब किया है।

दरअसल बीना बीपीसीएल रिफाइनरी परिसर में ही कंपनी के अधिकारियों के लिए चाय-नाश्ता, भोजन के लिए एक कैंटीन है और वह एक बड़ी कम्पनी के लिए संचालन करने दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार 19 दिसम्बर को कैंटीन में भोजन करने के पश्चात कुछ कर्मचारियों की तबियत बिगड़ी ओर देखने में जो लक्षण आए वह फ़ूड पाइजनिंग के थे। सूत्र बताते हैं कि 10 से 15 बीपीसीएल कर्मचारी रिफाइनरी की विवेकानन्द अस्पताल पहुंचे और इलाज करवाया तो चार कर्मचारी अस्पताल में भर्ती भी किए गए। एसडीएम शैलेन्द्र सिंह ने रिफाइनरी प्रबंधन के लिए नोटिस भेजकर तीन दिन के अंदर मामले पर जानकारी मांगी है। नोटिस में कहा गया है कि रिफाइनरी प्रबंधन द्वारा सम्बंधित थाने की पुलिस व प्रशासन के लिए घटना की जानकारी नहीं दी है, जो लापरवाही है वही कैंटीन संचालक पर क्या कार्रवाई की ओर भोजन का सेम्पिल किस लैब में चेक कराया इस मामले में पूरी जानकारी तीन दिन में दी जाए। बता दें कि नोटिस में अस्पताल में भर्ती होने वाले कर्मचारियों के नाम सहित उल्लेख किया गया है। दूसरी ओर इस मामले में बीपीसीएल बीना के एचआर नवीन सिंह का कहना है कि नोटिस की जानकारी मुझे नहीं मिली है, जैसे ही पत्र मिलेगा, जो भी जानकारी चाही जाएगी उपलब्ध कराएंगे।
रिफाइनरी में फूड पॉइजनिंग की जानकारी मांगी है
बीना रिफाइनरी के अंदर कैंटीन में भोजन के बाद कुछ कर्मचारियों की तबियत बिगड़ने, भर्ती होने की जानकारी मिली थी। इस मामले में पत्र देकर रिफाइनरी प्रबंधन से जानकारी मांगी है कि मामला कब का है, पुलिस, प्रशासन को जानकारी नहीं दी गई। यदि घटना हुई है तो किस कार्यालय के माध्यम से भोजन के सैंपल की जांच कराई गई और कैंटीन संचालक पर क्या कार्रवाई की गई है।
- शैलेंद्र सिंह, एसडीएम, बीना, जिला सागर












Click it and Unblock the Notifications