MP News: भोपाल में सिन्धी समाज ने दी पहलगाम हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि, "झूलेलाल की फौज" ने जलाए 28 दीप
MP News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस भीषण हमले में मारे गए 27 निर्दोष पर्यटकों और स्थानीय गाइड की स्मृति में शुक्रवार की शाम भोपाल की शीतल दास की बगिया में एक विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
इस भावपूर्ण कार्यक्रम में "झूलेलाल की फौज" और भोपाल के सिन्धी समाज के सैकड़ों सदस्य जुटे और देश के लिए शहीद हुए निर्दोषों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।

28 दीपों से दिया गया श्रद्धांजलि का प्रकाश
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई। इसके बाद "झूलेलाल की फौज" के सदस्यों ने उन 27 मृतकों और एक स्थानीय गाइड की स्मृति में 28 दीप प्रज्वलित किए। ये दीप सिर्फ शोक का प्रतीक नहीं थे, बल्कि उस आशा और संकल्प का संदेश थे कि देशवासी आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं और इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे।
दीपों की रोशनी के बीच जब राष्ट्रगान गूंजा, तो माहौल एक विशेष ऊर्जा से भर गया। हर दीप में एक कहानी थी, हर चेहरा शोक में डूबा, लेकिन आंखों में जज़्बा था-आतंक के खिलाफ देश की एकता का।

"हम रुकेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं" - डॉ. दुर्गेश केसवानी
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कहा, "यह हमला सिर्फ कुछ व्यक्तियों पर नहीं, बल्कि पूरी भारतीय अस्मिता पर हमला था। यह हमारी आत्मा, हमारी आज़ादी, हमारी संस्कृति पर किया गया घात था। लेकिन हम आतंक की इस कायरता से नहीं डरते। देश के कोने-कोने में हर नागरिक का खून खौल रहा है और हमारी एकता ही सबसे बड़ा जवाब है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि इस हमले में शामिल किसी भी आतंकी को बख्शा नहीं जाएगा। "यह नया भारत है, यहां आतंकवाद पर चुप्पी नहीं, करारा जवाब दिया जाएगा।"
MP News: शहीदों के सम्मान में एकजुट हुआ सिन्धी समाज
कार्यक्रम में भोपाल के प्रमुख सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक चेहरे भी मौजूद थे। रवि महाराज, सुनील जैन (अधिवक्ता), राकेश महाराज, पवन होतवानी, मनीष होलारामानी, विवेक पांडे, किरण शर्मा, दिलीप बच्चानी, इंदर तलरेजा, अमित वर्मा, अमित गुप्ता, सुरेश शुक्ला, देवेंद्र यादव, हर्ष इंगोले, शंकर कामदार, और टेकचंद उमरवानी जैसे नामीजन इस श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहे।

विशेष बात यह रही कि बड़ी संख्या में सिन्धी समाज की माताएं और बहनें भी इस कार्यक्रम में शरीक हुईं। वे अपने बच्चों के साथ दीप जलाने आईं थीं, यह दर्शाने के लिए कि आतंक चाहे जितना भयावह हो, मां की कोख में अभी भी देशभक्त जन्म ले रहे हैं। "यह सिर्फ कश्मीर नहीं, पूरे भारत पर हमला है"
समाजसेवी अनवर पठान ने सभा में कहा, "जब कश्मीर जलता है, तो भारत का हर शहर, हर मोहल्ला दुख में डूब जाता है। यह हमला कश्मीर तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश पर किया गया हमला है। हम आतंकवाद को धर्म से नहीं, इंसानियत से जवाब देंगे। यह युद्ध है भारत की आत्मा की रक्षा का।"
MP News: श्रद्धांजलि से राष्ट्रभक्ति तक
कार्यक्रम का समापन "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "पाकिस्तान मुर्दाबाद" के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। हर नारा इस बात का संकेत था कि देश के नागरिक न केवल शहीदों के दुख में शामिल हैं, बल्कि आतंक के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार हैं। शीतल दास की बगिया, जहां अक्सर शांति और आध्यात्म की धुनें गूंजती हैं, आज वह स्थान देशप्रेम, बलिदान और एकजुटता का प्रतीक बन गया। इस सभा ने एक बार फिर ये साबित कर दिया कि आतंक चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, भारत की आत्मा को झुका नहीं सकता। दीप जलते रहेंगे, देश चलता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications