Bhopal News: CM मोहन यादव का रैन बसेरों का निरीक्षण, राहगीरों के हालचाल जाने और किया कंबल वितरण
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार रात को राजधानी भोपाल के विभिन्न रैन बसेरों का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य शहर में ठंड से राहत देने के लिए गरीबों, निराश्रितों और राहगीरों की मदद करना था।
मुख्यमंत्री ने रात के समय शहर के यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने वहां ठहरे हुए लोगों से मुलाकात की, उनके हालचाल जाने और उनकी समस्याओं को सुना।

हाल ही में वन इंडिया हिंदी द्वारा एक कार्यक्रम में यह दिखाया गया था कि राजधानी भोपाल के विभिन्न रैन बसेरों और रेलवे स्टेशन के बाहर ठंड से बचने के लिए लोग अस्थाई रूप से रह रहे हैं। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि इन ठंडे रातों में कई गरीब और निराश्रित लोग रेलवे स्टेशन और रैन बसेरों के बाहर खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर हैं, जबकि अब तक न तो कोई अधिकारी और न ही मंत्री इन इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस घातक सर्दी में लोग अपने जीवन की रक्षा के लिए थिएटर जैसी अस्थाई जगहों पर शरण ले रहे थे।
इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार देर रात राजधानी भोपाल के रेलवे स्टेशन और सुलतानिया रोड स्थित रैन बसेरों का दौरा किया। मुख्यमंत्री का यह कदम ठंड से जूझ रहे लोगों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रशासन की लापरवाही को दूर करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निरीक्षण के दौरान वहां ठहरे हुए लोगों से संवाद किया, उनके हालचाल जाने और रैन बसेरों की स्थिति को समझा। उन्होंने देखा कि ठंड से बचने के लिए लोग जहां-तहां शरण लेने को मजबूर हैं, और कई रैन बसेरों में सुविधाओं का अभाव है। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों से बातचीत करते हुए निर्देश दिए कि इन स्थलों पर जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने रैन बसेरों में रहने वाले लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्हें यह जानकारी मिली कि रैन बसेरों में सुरक्षा, साफ-सफाई और ठंड से बचाव के लिए कंबल जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी महसूस हो रही है। इस पर उन्होंने तुरंत अधिकारियों को आदेश दिया कि हर रैन बसेरे में पर्याप्त कंबल वितरित किए जाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्था सुधारने के लिए कलेक्टर को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने की बात की कि इन अस्थाई शरणस्थलों में भोजन और पीने का पानी भी उपलब्ध कराया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड और भूख के कारण परेशान न हो।
मुख्यमंत्री का यह कदम उन लाखों लोगों के लिए राहत का कारण बना, जो इस कड़ाके की सर्दी में बिना आश्रय के दिन बिता रहे थे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से यह स्पष्ट हुआ कि राज्य सरकार अब इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है और जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications