Bhopal Bridge: भोपाल के 90 डिग्री वाले पुल का उड़ा मजाक, इंजीनियरों की लापरवाही या भ्रष्टाचार?
Bhopal Bridge: किसने बनाया ये मुजस्समा, ये लाइन यूं तो आमिर खान, अजय देवगन, काजोल और जूही चावला की फिल्म इश्क में आगरा के नवाब का किरदार निभा रहे असीम मर्चेंट के डायलोग के बाद फेमस हुईं थी, लेकिन किसी को कहां पता था कि महान इंजीनियर एम विश्वेश्वरैया को दंभ भरकर चुनौती देने वाले मध्य प्रदेश के होनहार इंजीनियर अपना मुजस्समा बनाकर असीम की इन लाइनों जीवंत कर देंगे।
पुल पर जाने के लिए ड्रिफ्ट करना जरूरी
दरअसल भोपाल में 18 करोड़ रुपए और 8 साल के वक्त की लागत से बना ये ब्रिज अब इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर रहा है। इस पुल का निर्माण पुल बोगदा मार्ग के ट्रैफिक को ओल्ड थाना रोड पर पहुंचाने के लिए बनाया गया है। ये पुल महामाई का बाग, पुष्पा नगर और स्टेशन एरिया के ट्रैफिक के लिए भी मुफीद बताया जा रहा है। लेकिन जैसे ही इस पर आप पुल बोगदा मार्ग की तरफ से चढ़ेंगे तो सामने 90 डिग्री के कोण वाला मोड़ आपका बेसब्री से इंतजार कर रहा होगा। ऐसे में ट्रैफिक लगने की प्रबल संभावना तो है ही साथ ही बड़े और जानलेवा रोड एक्सीडेंट का भी खतरा है। हां, अगर चालक फास्ट एंड फ्यूरिस थ्री के एक्टर्स जैसी ड्रिफ्टिंग स्किल्स में निपुण हो तो खतरे को टाला जा सकता है।

PWD की सफाई- जगह कम थी
साढ़े आठ मीटर (8.5 मीटर) चौड़े और 648 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण PWD के होनहार इंजीनियरों ने किया है। इस पुल के बनने के बाद जब लोगों ने ऑफलाइन और ऑनलाइन सवाल उठाए तो PWD के इंजीनियर वीडी वर्मा ने इस पर सफाई दी। इंजीनियर वीडी वर्मा ने कहा कि इस पर सिर्फ छोटे वाहनों को आने-जाने की इजाजत होगी और इंडियन रोड कांग्रेस के हिसाब से इस पुल को ऑपरेट किया जाएगा। साथ ही इस पर स्पीड लिमिट भी रखी जाएगी। पुल को 90 डिग्री वाला बनाने के पीछे उन्होंने कहा कि वहां जगह काफी कम थी। ऐसे में सवाल डिजाइन देने वाले इंजीनियर, परमीशन देने वाले इंजीनियर समेत पूरे PWD डिपार्टमेंट पर ही उठ रहा है।
इस पुल को लेकर सोशल मीडिया पर भी मजेदार फीडबैक देखने को मिल रहा है।
रमेश श्रीवत्स नाम के यूजर ने इसे राइट एंगल वाला पुल बताया है।

मानस मदुली नाम के एक यूजर ने कहा- चिनाब ब्रिज को छोड़ो, इंजीनियरिंग के इस मास्टरपीस को देखो।

हिमांशु श्रीवास्तव नाम के एक दूसरे यूजर ने कहा- यह नमूना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।

वहीं वरुण नाम के यूजर ने PWD के बाबुओं का इसके लिए धन्यवाद भी किया है।

इंजीनियरिंग के शानदार उदाहरण पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में बताएं।











Click it and Unblock the Notifications