MP News: भारत बंद का एमपी में मिला-जुला असर, ग्वालियर में स्कूल बंद, भोपाल-इंदौर में खुले
MP News: भारत बंद के दौरान उज्जैन में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) संगठनों के सदस्यों और एक दुकानदार के बीच झड़प हो गई। टावर चौक इलाके में बाजार बंद कराने पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने दुकानदार से दुकान बंद करने की मांग की।
दुकानदार के इंकार करने पर प्रदर्शनकारियों ने दुकान का काउंटर धकेलना शुरू कर दिया। इसके बाद दुकानदार और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और झगड़ा शांत कराया।

ग्वालियर में धारा 144 लागू, कई स्कूल बंद
ग्वालियर में भारत बंद के असर के चलते कलेक्टर ने मंगलवार रात से ही जिले में धारा 144 लागू कर दी थी। इसके चलते कई स्कूल बंद हैं। बंद का असर अन्य जिलों पर भिन्न-भिन्न रहा है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में स्कूल खुले हैं और दुकानें भी खुली हैं। वहीं, खंडवा में बंद का कोई खास असर नहीं दिख रहा है और बाजार पूरी तरह खुल चुका है।
बंद का समर्थन और राजनीतिक प्रतिक्रिया
आरक्षण में वर्गीकरण के फैसले के खिलाफ बुलाए गए इस बंद को जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) ने समर्थन दिया है। मंगलवार देर रात समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भी वीडियो जारी कर बंद को समर्थन देने का ऐलान किया। धार जिले की मनावर सीट से कांग्रेस विधायक और जयस के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा और भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया भी इस बंद के समर्थन में हैं। हालांकि, कांग्रेस ने इस बंद को लेकर फिलहाल अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

पुलिस और प्रशासन की तैयारियां
बंद के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं। सड़कों पर सुबह से ही पुलिस के जवान तैनात हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तत्पर रह सकें। सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications