बैतूलः सवारियों से भरी बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत और कई घायल
बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई-प्रभातपट्टन रोड पर नरखेड़ गांव के पास मोड़ पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इसके चलते दोनों वाहन पलट गए। इस हादसे में बस ड्राइवर सहित चार यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नौ यात्रियों की हालत गंभीर है। उन्हें बैतूल रेफर किया गया है। दरअसल, प्रभातपट्टन की तरफ से मुलताई आ रही निजी कंपनी की बस को वरुड की ओर जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी।

ग्रामीण शिवकुमार यादव ने बताया हादसे के बाद हमने एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी, लेकिन एम्बुलेंस समय से नहीं पहुंच पाई। इसी के चलते आसपास मौजूद लोगों ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और निजी गाड़ियों से उन्हें सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए।
यादव ने बताया कि हादसे में 13 से अधिक यात्री घायल हैं। जिनका इलाज जारी है। हादसे में छाया पाटिल और भीमराव निवासी नरखेड़, सुनील पिपरदे निवासी वंडली और शेख रशीद(ड्राइवर) निवासी मुलताई की मौत हो गई है। दो शवों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में घायल 9 लोगों को रेफर किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications