MP News: अरुण यादव ने बुधनी विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के लिए की नुक्कड़ सभाएं
पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने आज बुधनी विधानसभा उपचुनाव के अंतर्गत एक दर्जन से अधिक ग्रामों का दौरा कर कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के समर्थन में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान राजकुमार पटेल भी उनके साथ रहे।
अरुण यादव ने ग्राम सिंहपुर, हबीब नगर, रफीकगंज, कुरी नयापुरा, पांगरी, बसन्तपुर, मेला बाई टप्पर, छुटवानी, पिपलानी, इटावा खुर्द, किशनपुर, घोघरा-हमीदगंज, वासुदेव, गिलहरी, इटावा कलां-इटारसी, मंडी और अतरालिया का दौरा किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे राजकुमार पटेल को वोट देकर विजयी बनाएं।

इस अवसर पर यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस जनता ने शिवराज सिंह को 18 साल तक मुख्यमंत्री बनाया, वही आज मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यादव ने आरोप लगाया कि बुधनी में कोई वास्तविक विकास नहीं हुआ है, केवल चौहान परिवार और रेत माफियाओं का विकास हुआ है।

उन्होंने आगे कहा, "मां नर्मदा को छलनी कर रेत के डंपरों का अवैध कारोबार जारी है, और अब मोहन यादव की सरकार उसे बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार, चोरी, डकैती, हत्या और बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं। क्या यही भाजपा का स्वर्णिम राज है?"
यादव ने राजकुमार पटेल को "कांग्रेस के सच्चे सिपाही" बताते हुए कहा कि वह हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस की प्रवक्ता और महामंत्री रोशनी यादव, कांग्रेस प्रवक्ता शैलेन्द्र पटेल, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र दर्शन सिंह यादव सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेसजन और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications