MP News: जबलपुर से होगी एयर टैक्सी की शुरुआत, 13 जून से इन तीन शहरों के बीच होगा संचालन
MP News: मध्य प्रदेश में एयर टैक्सी की शुरुआत 13 जून को जबलपुर से कराने की घोषणा सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जबलपुर-भोपाल-रीवा और सिंगरौली के बीच यह विमान सेवा संचालित होगी।
एमपी में एयर एंबुलेंस
जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत करने के लिए संस्कारधानी पहुंचे मुख्यमंत्री यादव ने यहां 1300 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एयर एम्बुलेंस सेवा को भी शुरू किया है। अगर किसी कारणवश किसी व्यक्ति को बड़े अस्पताल तक पहुंचाना पड़े तो यह एयर एंबुलेंस सुविधा उपयोगी साबित होगी।

उन्होंने इसके अलावा सरकार की योजना के तहत राज्य की जनता को दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों तक एयर एम्बुलेंस से मरीजों को ले जाने का ऐलान किया। संग्राम सागर तालाब के पुनर्जीवन को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जनता को भाजपा सरकार के विकास के कदमों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि अब हर क्षेत्र में विकास को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और रोजगार आधारित उद्योग लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भी रोड शो किया।

किफायती रहेगा किराया
एयर टैक्सी सेवा का किराया किफायती रहेगा। शुरुआती 30 दिन तक कुल किराया पर 50 प्रतिशत का डिस्काउंट ऑफर रखा गया है, जो वंदे भारत ट्रेन के किराए के आसपास ही रहेगा। इसके अलावा रीवा शहर को सप्ताह में सोमवार और गुरुवार को इंदौर, जबलपुर, और भोपाल से जोड़ा जा रहा है।
ग्वालियर शहर को सप्ताह में दो दिवस मंगलवार को इंदौर, भोपाल, और उज्जैन, और शनिवार को भोपाल से जोड़ा जा रहा है। उज्जैन शहर को सप्ताह में तीन दिवस मंगलवार को इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, बुधवार को इंदौर, भोपाल, और जबलपुर, और रविवार को इंदौर और भोपाल से जोड़ा जा रहा है। खजुराहो शहर को सप्ताह में एक दिवस शुक्रवार को भोपाल और जबलपुर से जोड़ा जा रहा है।
पहली फ्लाइट भोपाल-जबलपुर-रीवा-सिंगरौली के लिए होगी। बता दे 14 मार्च को सीएम मोहन यादव ने भोपाल के स्टेट हैंगर से पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा का उद्घाटन किया था। टिकट बुकिंग के लिए फ्लाय ओला वेबसाइट का विकास किया गया है, जिसे मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में लॉन्च किया।
इससे पर्यटन स्थलों की बेहतर कनेक्टिविटी होगी
पर्यटन एवं संस्कृति के प्रमुख सचिव और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि पीएम श्रीपर्यटन वायु सेवा प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण होगी। यह न केवल पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि उद्योग, व्यापार, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और कला के प्रचार-प्रसार के लिए भी उपयुक्त है।
पर्यटन एवं संस्कृति के प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि इंदौर, भोपाल और जबलपुर के एयरपोर्ट पर वायु सेवा की बुकिंग के लिए बुकिंग काउंटर स्थापित किए गए हैं। अभी, प्रदेश के 8 शहरों को हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ा जा रहा है, और इसका विस्तार आने वाले समय में कुछ और शहरों तक किया जाएगा।
13 जून को निम्नलिखित समय में उड़ानें होंगी
- सुबह 7:45 बजे: भोपाल से जबलपुर के लिए। जबलपुर में सुबह 9:15 बजे आगमन।
- सुबह 9:45 बजे: रीवा के लिए। रीवा में सुबह 11:15 बजे पहुंच।
- सुबह 11:30 बजे: रीवा से सिंगरौली के लिए।
- दोपहर 12:15 बजे: सिंगरौली से रीवा के लिए।
- दोपहर 1:15 बजे: रीवा से जबलपुर के लिए। जबलपुर में दोपहर 2:35 बजे आगमन।
- दोपहर 2:45 बजे: जबलपुर से भोपाल के लिए। भोपाल में शाम 4:15 बजे आगमन।












Click it and Unblock the Notifications