तिरुपति विवाद के बाद एमपी में हड़कंप, क्या बागेश्वर धाम में बिक रहा मिलावटी प्रसाद? जांच शुरू
Bageshwar Dham News: तिरुपति बालाजी के प्रसाद पर मचे बवाल के बीच मध्य प्रदेश में खाद्य विभाग सक्रिय हो गया है।बागेश्वर धाम के प्रसाद को लेकर छतरपुर कलेक्टर अलर्ट हैं।बागेश्वर धाम में मंदिरों के पास लगने वाली दुकानों से प्रसाद के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देश पर विभाग की टीम ने लगभग 10 प्रसाद की दुकानों और दो होटलों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। दुकानों से खराब मिल्क केक और मगज के लड्डू भी नष्ट किए गए हैं।

विभाग को आशंका थी कि धाम में श्रद्धालुओं को बेचे जाने वाले प्रसाद में मिलावट की जा सकती है। इसलिए कलेक्टर ने एक जांच दल गठित किया था। इस दल ने धाम में चल रहे सभी रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों की जांच की और नमूने लिए है।
छापेमारी के बाद विभाग ने दुकानदारों को ताजा सामग्री का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों को खुले में न रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर किसी दुकान में मिलावट पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि तिरुपति बालाजी के लड्डू विवाद के बाद मध्य प्रदेश के कई मंदिरों में भी लड्डू को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सलकनपुर देवी धाम मंदिर के पुजारी ने कहा था कि श्रद्धालु मंदिर परिसर में मिल रहे लड्डू को न खरीदें। वहीं उज्जैन के महाकाल मंदिर के लड्डुओं की भी जांच की गई है। अब बागेश्वर धाम के प्रसाद को लेकर छतरपुर कलेक्टर अलर्ट मोड पर है।












Click it and Unblock the Notifications